Cleaning Hacks: अपने घर को हर समय साफ और चमचमाता हुआ रखना हर किसी की चाहत होती है. लेकिन आज की बिजी लाइफस्टाइल में बहुत से लोगों के दिमाग में हमेशा एक सवाल आता है कि आखिर घर की सफाई किस समय करनी चाहिए, सुबह या फिर शाम? कुछ लोगों की आदत होती है कि वे सुबह सोकर उठते ही झाड़ू-पोछा लेकर घर की सफाई में लग जाते हैं, ताकि उनका पूरा दिन एक साफ-सुथरे और फ्रेश माहौल में बीते. वहीं दूसरी तरफ, कुछ ऐसे लोग भी होते हैं जो शाम या रात के समय सुकून से अपने घर की बिखरी चीजों को समेटना ज्यादा पसंद करते हैं.
अब अगर इस सवाल का जवाब दें कि घर की सफाई आपको किस समय करनी चाहिए, तो बता दें दोनों ही समय के अपने-अपने फायदे और सही तरीके होते हैं. अगर आप सिर्फ इतना समझ लेंगे कि किस समय आपके लिए कौन सा काम निपटाना ज्यादा आसान रहेगा, तो आपकी आधी मेहनत और थकावट वैसे ही दूर हो जाएगी, और साथ ही आपका घर भी हर समय टिप-टॉप दिखाई देगा. तो चलिए जानते हैं कि आपको सुबह के समय घर की सफाई करनी चाहिए या फिर शाम के समय.

सुबह की सफाई से दिनभर मिलेगी पॉजिटिव वाइब
सुबह का जो समय होता है वह एकदम नया और फ्रेश होता है. अगर आप अपने घर की सफाई सुबह के समय ही कर लेते हैं, तो पूरे दिन आपको अपने घर में एक अच्छी और पॉजिटिव वाइब देखने को मिलती है. इसके अलावा सुबह के समय एक साफ-सुथरा घर देखकर मूड भी बढ़िया हो जाता है और बाकी कामों को करने में भी आपका मन लगा रहता है. सुबह सोकर उठते ही आपका सबसे पहला काम होना चाहिए अपना बिस्तर ठीक करना. जैसे ही आप अपना बिस्तर समेट लेते हैं, आपका आधा कमरा अपने-आप ही साफ लगने लगता है. इसके बाद घर की सभी खिड़कियों को खोल दें ताकि फ्रेश हवा अंदर आने लगे, साथ ही खिड़कियों पर हल्की डस्टिंग कर लेना भी बहुत अच्छा होता है. इसके बाद जाकर अपने पूरे घर में झाड़ू और पोछा लगाएं, क्योंकि रातभर में जो थोड़ी-बहुत धूल-मिट्टी जमी होती है, वह तुरंत साफ हो जाती है. इसके अलावा जब आप नहा रहे हों, उसी समय बाथरूम को भी हल्का सा साफ कर लेना सफाई करने का सबसे बेस्ट तरीका होता है.
ये भी पढ़ें: घर की सफाई करते समय पहले धूल साफ करें या पोछा लगाएं? सही तरीका जानकर आधी हो जाएगी मेहनत
शाम की सफाई से सुबह की टेंशन होगी खत्म
दिनभर घर में रहने या फिर काम से लौटने के बाद शाम होने तक घर की चीजें इधर-उधर बिखर कर रह जाती हैं. ऐसे में अगर आप शाम के समय या फिर रात को सोने से पहले थोड़ी सी सफाई कर लेते हैं, तो अगली सुबह आपको बिखरा हुआ घर देखना नहीं पड़ता है. शाम को ही घर की हल्की सफाई कर लेने से आपकी सुबह की आधी भागदौड़ और टेंशन खत्म हो जाती है. शाम का समय सबसे बेस्ट होता है किचन की सफाई करने के लिए. रात को जब आप खाना बना लें तो उसके बाद किचन काउंटर, गैस और गंदे बर्तन बिना देरी किए साफ कर लें. अगर कोई भी बर्तन या फिर खाने का सामान रातभर सिंक में पड़ा रहेगा, तो कीड़े और कॉकरोच आने का डर बना रहता है. इसके अलावा दिनभर में जो कपड़े, किताबें या फिर बच्चों के खिलौने जहां-तहां फैले हों, उन्हें उनकी सही जगह पर रख दें. इसके अलावा रात को कचरा भी डस्टबिन में पैक करके अलग कर दें ताकि घर में बदबू न आए.
आपके लिए सुबह सही है या शाम?
अब आपके दिमाग में यह सवाल आ रहा होगा कि आपके लिए सफाई करने का सबसे बेस्ट समय कौन सा है. इस सवाल का जवाब पूरी तरह से आपकी लाइफस्टाइल पर निर्भर करता है. अगर सुबह के समय आपको स्कूल, कॉलेज या फिर ऑफिस जाने की हड़बड़ी रहती है, तो ऐसे में आपके लिए शाम के समय सफाई करना ज्यादा आसान रहेगा. लेकिन अगर आपके पास सुबह थोड़ा समय रहता है, तो आप इसी समय अपने सभी हैवी कामों को निपटा सकते हैं. सबसे बेस्ट तरीका यह है कि आप कभी भी सफाई का सारा बोझ एक ही समय पर डालकर न रखें.
सफाई को सुपर ईजी बनाने वाले स्मार्ट हैक्स
अगर आप सफाई को आसान बनाना चाहते हैं, तो इसके लिए कुछ बहुत ही सिंपल रूल्स फॉलो कर सकते हैं. सबसे पहला नियम है कि घर की डस्टिंग हमेशा पोछा लगाने से पहले ही कर लेनी चाहिए. अगर आप पोछा लगाने के बाद गीले फर्श पर धूल झाड़ेंगे, तो यह उड़ती हुई धूल सीधे आकर फर्श पर चिपक जाएगी और आपकी पूरी मेहनत बर्बाद हो जाएगी. इसके अलावा दूसरा नियम है 15 मिनट नाइट रूल. हर रात सोने से पहले घर के सभी लोग साथ मिलकर सिर्फ 15 मिनट में घर की बिखरी हुई चीजों को समेट लें. अगर आप हर दिन ऐसा करने लगेंगे, तो आपका घर कभी बहुत ज्यादा गंदा नहीं लगेगा. बता दें कि आपके घर में जितनी कम फालतू चीजें होंगी, सफाई भी उतनी ही जल्दी और आसानी से हो जाएगी. अगर घर में कोई चीज काम की नहीं है, तो उसे हर कुछ दिनों में घर से बाहर निकालते रहें. जब आप सही समय पर सही काम करने लगेंगे, तो आपको घर की सफाई करना कभी भी सिरदर्द नहीं लगेगा.
The post सुबह या शाम, आखिर घर की सफाई का सही समय कौन सा है? सही वक्त जानकर बदल जाएगा आपका रूटीन appeared first on Prabhat Khabar.

