08:32 AM, 13-Sep-2026
पीएम मोदी की आज होंगी अहम बैठकें
दोपहर 2:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम जोमार्ट टोकायेव से मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी। दोपहर 3:30 बजे पीएम मोदी मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से मुलाकात करेंगे। वहीं शाम 4:10 बजे दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति मातामेला सिरिल रामफोसा के साथ बैठक निर्धारित है।
08:30 AM, 13-Sep-2026
ओपन सेशन में शामिल होंगे आउटरीच देशों के नेता
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दूसरे और आखिरी दिन कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9:55 बजे पार्टनर देशों और आउटरीच के लिए आमंत्रित देशों के नेताओं के आगमन से होगी। इसके बाद सुबह 10:35 बजे सभी पार्टनर और आउटरीच देशों के नेताओं की सामूहिक तस्वीर होगी। वहीं सुबह 10:50 बजे ब्रिक्स का ओपन सेशन शुरू होगा, जिसमें सदस्य देशों के साथ-साथ आमंत्रित पार्टनर और आउटरीच देशों के नेता भी हिस्सा लेंगे।
05:25 AM, 13-Sep-2026
ईरान 14 सितंबर को ओमान में करेगा बातचीत, क्या पेजेश्कियन के दिल्ली दौरे के बाद घटेगा तनाव?
खबरों के मुताबिक होर्मुज के रास्ते जहाजों के गुजरने को लेकर ईरान एक समझौते पर चर्चा करना चाहता है। इसलिए वह क्षेत्र के अलग-अलग देशों के साथ मुलाकात और बातचीत करने की योजना बना रहा है। इसी वर्ष 28 फरवरी को शुरू हुए पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच यह इस तरह की पहली बैठक होगी।
05:06 AM, 13-Sep-2026
ब्रिक्स LIVE: 10:50 पर शुरू होगा ब्रिक्स का ओपन सेशन, चार विदेशी राष्ट्राध्यक्षों से मिलेंगे प्रधानमंत्री मोदी
दिल्ली में ईरान के राष्ट्रपति और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस की मुलाकात
गौरतलब है कि ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियन भी ब्रिक्स देशों की बैठक में शामिल होने दिल्ली आए हैं। उन्होंने शनिवार रात को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर नई दिल्ली में अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बातचीत की। यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण रही क्योंकि पिछले छह महीने से अधिक समय से ईरान और अमेरिका के बीच जंग हो रही है। ईरान अमेरिकी ठिकानों पर हमले कर रहा है, जिसका खामियाजा संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को भी भुगतना पड़ा है। ईरान के हवाई हमलों के कारण यूएई और ईरान के बीच संबंध तनावपूर्ण हो गए थे।

