दिल्ली एनसीआर में जन्माष्टमी के दिन शुक्रवार को बारिश हुई। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को पिछले कई दिनों से जारी गर्मी व उमस से राहत मिली। मौसम सुहावना होने से जन्माष्टमी के आयोजनों में भी लोगों को राहत मिली।
जानकारी के मुताबिक, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद सहित कई क्षेत्रों में वर्षा दर्ज की गई। बारिश के चलते कई इलाकों में सड़क पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को कुछ स्थानों पर हल्की और मध्यम बारिश की संभावना जताई थी। दिल्ली में दोपहर बाद शुरू हुई बारिश के चलते इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जलभराव हो गया। इस दौरान यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
#WATCH | Delhi: Waterlogging witnessed at Indira Gandhi International Airport after heavy rainfall lashed the national capital. pic.twitter.com/vejJpM2W2l
— ANI (@ANI) September 4, 2026
इससे पहले गुरुवार को दिल्ली में कहीं-कहीं हल्की बारिश ने मौसम सुहावना कर दिया। हालांकि, अधिकतर स्थानों पर बादल तो छाए लेकिन बारिश न हुई। इस दौरान न्यूनतम तापमान में हल्की कमी और अधिकतम तापमान में तीन डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की गई।
प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, दिल्ली में शुक्रवार और शनिवार को मानसून के एक सिस्टम और कम दबाव का क्षेत्र बनने से बारिश की संभावना है। शनिवार को भी भोर से लेकर दोपहर और देर रात में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है।
राजधानी में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से .8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। जबकि पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
वहीं, न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। हालांकि, पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई।


