रिचा टूर्स नामक कंपनी के माध्यम से कैलाश मानसरोवर गए तीर्थयात्रियों का अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है। जिससे लापता तीर्थयात्रियों के परिजन बेहद दुखी और निराश हैं। अब इन परिजनों ने सरकार से भावुक अपील करते हुए एक याचिका जारी की है। इस याचिका में नेपाल में भारत के राजदूत और भारतीय विदेश सचिव से लापता लोगों की खोज के लिए तुरंत तलाशी अभियान चलाने और फोरेंसिक पहचान के लिए भारत से टीम भेजने, परिवारों के साथ स्पष्ट बातचीत करने और सम्मानजनक दस्तावेजी प्रक्रिया करने की अपील की गई है।

लापता तीर्थयात्रियों की क्या है सरकार से अपील?
लापता तीर्थयात्रियों के परिजनों ने अपनी याचिका में कहा है, ‘हम उन भारतीय तीर्थयात्रियों के रिश्तेदार और परिवार के सदस्य हैं जो ‘रिचा टूर्स’ के साथ यात्रा कर रहे थे और 26 अगस्त 2026 को नेपाल-तिब्बत सीमा के पास आई भयानक बाढ़ के बाद से लापता हैं। हम भारत सरकार और काठमांडू में भारतीय दूतावास से सम्मानपूर्वक अपील करते हैं कि वे नेपाल सरकार और चीनी अधिकारियों के साथ मिलकर काम करें, ताकि लापता भारतीय नागरिकों का पता लगाने, उन्हें वापस लाने और उनकी पहचान करने के लिए हर संभव कोशिश की जा सके।’
इस याचिका को देशभर से लोगों का समर्थन मिल रहा है और अब तक इस याचिका पर 23 हजार से ज्यादा लोग हस्ताक्षर कर चुके है। वहीं 25,577 बार इस याचिका को सोशल मीडिया पर साझा किया जा चुका है।

