आंध्र प्रदेश के एक आम परिवार से आने वाले रहमतुल्लाह शेख की कहानी बड़ी दिलचस्प है. उन्होंने अपनी मेहनत से अपनी जिंदगी की दिशा ही बदली दी. ये उन छात्रों के लिए मिसाल है, जो फाइनेंशियल परेशानियों के वजह से अपने सपनों को अधूरा छोड़ देते हैं. कभी 300 रुपये रोज की दिहाड़ी पर काम करने वाले रहमतुल्लाह ने पढ़ाई जारी रखी. इंजीनियरिंग की डिग्री पूरी करने के बाद उन्होंने GATE परीक्षा पास की, IISc से MTech किया और अब सिंगापुर की नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर में PhD कर रहे हैं.
रहमतुल्लाह ने आंध्र प्रदेश के जिला परिषद हाई स्कूल से शुरुआती पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने शशिकांत रेड्डी जूनियर कॉलेज से मैथ्स, फिजिक्स और केमिस्ट्री की पढ़ाई की. आगे चलकर श्री वेंकटेश्वर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से इलैक्ट्रिकल एंड इलैक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में BTech किया. साल 2021 में उन्होंने 8.9 CGPA के साथ डिग्री पूरी की.
पढ़ाई के दौरान फाइनेंशियल परेशानियों के बीच उन्होंने पोर्टर का काम भी किया और करीब 300 रुपये रोज कमाए. इसके बावजूद उन्होंने आगे पढ़ने का सपना नहीं छोड़ा.
यह भी पढ़े : LPG e-KYC की डेडलाइन हो गई खत्म, अब कट जाएगा आपका गैस कनेक्शन?
नौकरी के साथ GATE की तैयारी
BTech के बाद फरवरी 2022 में रहमतुल्लाह ने एक मल्टीनेशनल कंपनी में सिस्टम्स इंजीनियर के तौर पर नौकरी शुरू की. नौकरी के साथ उन्होंने GATE की तैयारी भी जारी रखी. 2024 में इलैक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 809 हासिल की.
GATE में अच्छे नतीजे के बाद रहमतुल्लाह को बेंगलुरु के IISc में MTech करने का मौका मिला. यहां उन्होंने इलैक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और पावर इलैक्ट्रॉनिक्स समेत कई दूसरे विषयों में रुचि ज्यादा की.
IISc में वो टीचिंग असिस्टेंट भी रहे. इसके अलावा उन्होंने लैब के काम और प्लेसमेंट से जुड़ी जिम्मेदारियां भी देखी. जून 2026 में उन्होंने IISc से MTech पूरा किया.
15 लाख के ऑफर के बावजूद चुनी PhD
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, GATE में बेहतर परफॉर्मेंस के बाद उन्हें कई सरकारी कंपनियों से करीब 15 लाख रुपये साल के पैकेज के जॉब ऑफर मिले. लेकिन, उन्होंने नौकरी के बजाय रिसर्च को आगे बढ़ाने का फैसला किया.
अगस्त 2026 में रहमतुल्लाह ने NUS में पावर इलैक्ट्रॉनिक्स में PhD शुरू की. उन्होंने अपनी कहानी शेयर करते हुए कहा कि इंसान की शुरुआत ये फिक्स नहीं करती कि वो आगे कहां पहुंचेगा. उनका मानना है कि लगातार मेहनत, सब्र और अनुशासन से बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं.
यह भी पढ़े : क्या पत्नी के दोबारा शादी के बाद भी पहले पति को देना होगा एलिमनी? जानें क्या कहता है कानून


