भारतीय टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे जुरेल ने दूसरे दिन तीसरे सत्र में टेस्ट करियर का दूसरा शतक लगाया। जुरेल श्रीलंका के खिलाफ सातवें नंबर पर टेस्ट शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज हैं। उनसे पहले 2017 में हार्दिक पांड्या ने ऐसा किया था। उस समय ने हार्दिक ने पल्लेकल में 108 रन की पारी खेली थी।
जुरेल से पहले भारत के लिए सातवें नंबर या इससे निचले स्थान पर भारत के लिए टेस्ट शतक नीतीश कुमार रेड्डी ने लगाया था। नीतीश ने दिसंबर 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 114 रन बनाए थे। जुरेल ने दूसरे दिन शानदार बल्लेबाजी की और टेस्ट करियर का अपना दूसरा शतक लगाने में सफल रहे। जुरेल ने पहली पारी में 177 गेंदों पर नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 115 रन बनाए।
भारत ने घोषित की पारी
भारत ने अपनी पहली पारी में नौ विकेट पर 503 रन का स्कोर बनाकर पारी घोषित कर दी। ध्रुव जुरेल नाबाद रहे। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा चार रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने आज पांच विकेट पर 300 रन से आगे खेलना शुरू किया और अपने स्कोर में 203 रन जोड़े। आज भारत ने चार विकेट गंवाए। इनमें सारांश जैन (6 रन), ऋषभ पंत (63 रन), मानव सुथार (18 रन) और मोहम्मद सिराज (3 रन) के विकेट शामिल हैं। जुरेल ने टेस्ट करियर का दूसरा शतक जड़ा। वहीं, पंत ने टेस्ट करियर की 21वीं फिफ्टी लगाई।
इससे पहले, रविवार को भारत ने यशस्वी जायसवाल (45 रन), केएल राहुल (18 रन), शुभमन गिल (50 रन) और रवींद्र जडेजा (43 रन) के विकेट गंवाए थे। इसके अलावा देवदत्त पडिक्कल ने अपना दूसरा टेस्ट शतक जड़ा था। वह 193 गेंद पर 12 चौके की मदद से 117 रन बनाकर आउट हुए थे। श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। इसके अलावा प्रभात जयसूर्या और केशारा नुवांथा को दो-दो विकेट मिले। लाहिरू कुमारा ने एक विकेट लिया।

