रवि किशन और किरण राव की फिल्म ‘लापता लेडीज’ से सुर्खियों में आए अभिनेता सतेंद्र सोनी के साथ मारपीट करने और धमकी देने के मामले में बड़ी खबर सामने आ रही है. अभिनेता की शिकायत के बाद इस मामले में डायरेक्टर पुष्पेंद्र रामलखन सिंह और प्रगति चौहान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. सतेंद्र ने कुछ दिनों पहले रोते हुए अपना एक वीडियो शेयर किया था और और मारपीट, धमकी देने के आरोप लगाए थे. अब उन्होंने राहत की सांस ली है.
ओशिवारा पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ केस
डायरेक्टर पुष्पेंद्र रामलखन सिंह और प्रगति चौहान के खिलाफ मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में BNS (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 115(2),127(3),351(2),352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल ओशिवारा पुलिस मामले में आगे की जांच में जुट गई है.

ये भी पढ़ें: ‘रणबीर कपूर से बेहतर’, ‘रामायण’ में यश के ‘रावण’ लुक पर फिदा हुए हनी सिंह
सतेंद्र सोनी को मिला AICWA का साथ
इस मामले में सतेंद्र सोनी को ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिऐक्शन (AICWA) का भी सपोर्ट मिला है. सतेंद्र को लेकर AIWCA के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘मैंने उनका रोने वाला वीडियो देखा था जिसमें वो बेहद डरे हुए नजर आ रहे थे. उसमें उन्होंने बताया था कि उनके साथ मारपीट की गई और धमकी भी दी गई. उन्होंने जान का खतरा होने की बात भी कही थी. मैंने उनसे फोन करके संपर्क करने की कोशिश की थी, हालांकि वो मेरा फोन नहीं उठा पाए थे. लेकिन, मैंने उनसे बाद में बातचीत की थी और उन्हें आश्वासन दिया था कि एसोसिएशन उनके साथ है.’
पैसों को लेकर हुआ था विवाद
27 वर्षीय सत्येंद्र सोनी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया था कि मैहर (मध्य प्रदेश) में फिल्म ‘पेड पालकी’ की शूटिंग के लिए उन्हें 50 हजार रुपये साइनिंग अमाउंट दिया गया था. बाकी पैसा उन्हें बाद में मिलना था, लेकिन आठ दिन की शूटिंग के बाद जब सतेंद्र ने बचे हुए पैसों की मांग की तो उनसे पैकअप करने के लिए कह दिया गया और धमकी भी दी गई. अपनी आपबीती सुनाते हुए सतेंद्र वीडियो में जोर-जोर से रोने लगे थे.
कौन हैं सतेंद्र सोनी?
बता दें कि सतेंद्र सोनी को साल 2023 की फिल्म ‘लापता लेडीज’ में छोटू के किरदार से पॉपुलैरिटी मिली थी. उन्होंने ‘अब तो भगवान भरोसे’ और ‘वनवास’ जैसी फिल्मों के अलावा ‘मिर्जापुर’, ‘डॉक्टर जी’ और ‘बवाल’, जैसे प्रोजेक्ट्स में भी काम किया है.
ये भी पढ़ें: कौन है वो एक्ट्रेस, जिससे 62 की उम्र में दूसरी शादी का प्लान बना रहे हैं गोविंदा
Input By : सूरज ओझा

