अक्सर ही फिल्मी सितारे पैपराजी पर भड़कते हुए नजर आते हैं. कई सेलेब्स अपने आस-पास पैपराजी की लगातार मौजूदगी पर हैरान और परेशान हो जाते हैं. लेकिन, इस बार पैपराजी पर किसी स्टार का नहीं बल्कि एक स्टार किड का गुस्सा फूटा है. ‘आवारापन’ फिल्म की एक्ट्रेस श्रिया सरन की पांच साल की बेटी राधा पैपराजी से परेशान नजर आई और उन पर भड़क गई. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
परिवार संग इस्कॉन मंदिर पहुंची थीं श्रिया सरन
43 साल की श्रिया सरन मंगलवार को अपनी बेटी राधा और परिवार के अन्य लोगों के साथ मुंबई के इस्कॉन मंदिर पहुंची थीं. दर्शन के बाद जब सभी मंदिर से बाहर आए तो पैपराजी उन्हें अपने कैमरे में कैद करने लगे. इस दौरान श्रिया तो काफी खुश नजर आ रही थीं, लेकिन उनकी बेटी काफी परेशान दिखाई दे रही थीं.
श्रिया सरन की बेटी बोलीं- ‘मुझे पसंद नहीं है…’
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि पैपराजी को देखते ही श्रिया सरन की 5 साल की बेटी कभी अपनी मां के पीछे छिपने लगती है तो कभी फैमिली के अन्य सदस्यों के पीछे छिप जाती हैं और बेहद अनकंफर्टेबल नजर आ रही हैं. इसके बाद वो परेशान होकर गुस्से में कहती हैं, ‘मुझे ये पसंद नहीं है.’ इसके बाद श्रिया अपनी लाडली से कहती है, ‘तुम मम्मा के पीछे छिप सकती हो.’
पैप्स पर भड़के नेटिजंस
ये वीडियो देखने के बाद नेटिजंस ने पैप्स की क्लास लगा दी है. इस वीडियो पर लोग जमकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, ‘उनकी बेटी को फिल्माना पसंद नहीं है, वो कई स्थितियों में इससे बचती है. किसी को भी उसकी इन छोटी-सी भावनाओं का सम्मान करना चाहिए.’ एक ने लिखा, ‘लोगों को समझना चाहिए और उन्हें अकेला छोड़ देना चाहिए. एक अन्य ने कमेंट किया, ‘उस बच्चे में पैपराज़ी से कहीं ज़्यादा समझदारी है.’

श्रिया सरन के बारे में
श्रिया सरन ने तेलुगु और तमिल सिनेमा के अलावा हिंदी सिनेमा में भी काम किया है. ‘इष्टम’ से डेब्यू करने वाली श्रिया को पहचान ‘संतोषम’ से मिली थी. वहीं बॉलीवुड में वो पॉपुलर साल 2007 की फिल्म ‘आवारापन’ से हुई थी. वो अजय देवगन की फिल्मों ‘दृश्यम’ और ‘दृश्यम 2’ में भी नजर आ चुकी हैं.
ये भी पढ़ें: ‘उनके कारनामे कैसे रहे हैं, उनकी जवानी कैसी रही है?’, कंगना रनौत के ‘गटर छाप’ वाले बयान पर बोले बाबा रामदेव

