
Short Sleep Syndrome: अगर आप रोज सिर्फ 6 घंटे या उससे कम सोते हैं और वजन लगातार बढ़ रहा है, तो इसका कारण आपकी नींद भी हो सकती है. रिम्स के रिटायर्ड डॉक्टर विद्यापति बताते हैं कि कम नींद लेने से शरीर के हार्मोन और मेटाबॉलिज्म पर असर पड़ता है. इससे भूख ज्यादा लग सकती है और समय के साथ वजन बढ़ने का खतरा भी बढ़ जाता है.

कम नींद और वजन बढ़ने का क्या है संबंध?- एक्सपर्ट
रिम्स के रिटायर्ड डॉक्टर विद्यापति बताते हैं कि अच्छी नींद सिर्फ शरीर को आराम नहीं देती, बल्कि यह शरीर के कई जरूरी कामों को भी सही ढंग से चलाने में मदद करती है. जब आप लगातार 6 घंटे से कम सोते हैं, तो शरीर में कुछ ऐसे बदलाव होने लगते हैं जो वजन बढ़ाने का कारण बन सकते हैं.
भूख ज्यादा लगने लगती है
कम नींद लेने से शरीर में Ghrelin हार्मोन बढ़ सकता है, जो भूख बढ़ाता है. वहीं, Leptin हार्मोन का लेवल कम हो सकता है, जो पेट भरने का संकेत देता है. ऐसे में जरूरत से ज्यादा खाने की संभावना बढ़ जाती है.
यह भी पढ़ें: मलेरिया होने से पहले शरीर देता है ये 5 संकेत, मानसून में भूलकर भी न करें नजरअंदाज
जंक फूड खाने की इच्छा बढ़ सकती है
जब नींद पूरी नहीं होती, तो अक्सर मीठा, तला-भुना और हाई-कैलोरी फूड खाने की क्रेविंग बढ़ जाती है. इससे शरीर में जरूरत से ज्यादा कैलोरी पहुंच सकती है, जो वजन बढ़ने का कारण बनती है.
मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ सकता है
लगातार कम नींद लेने से शरीर की कैलोरी बर्न करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में ऊर्जा कम खर्च होती है और शरीर में फैट जमा होने लगता है.
ब्लड शुगर पर भी पड़ सकता है असर
कम नींद की वजह से इंसुलिन ठीक से काम नहीं कर पाती. इससे ब्लड शुगर का स्तर प्रभावित हो सकता है और लंबे समय में वजन बढ़ने के साथ टाइप-2 डायबिटीज का खतरा भी बढ़ सकता है.
थकान की वजह से कम होती है एक्टिविटी
नींद पूरी न होने पर दिनभर सुस्ती और थकान महसूस हो सकती है. ऐसे में वॉक, एक्सरसाइज या दूसरी फिजिकल एक्टिविटी कम हो जाती हैं, जिससे कैलोरी बर्न भी कम होती है.
एक दिन में कितनी नींद लेना जरूरी है?
डॉक्टर के अनुसार, लोगों को हर रात 7 से 9 घंटे की अच्छी और लगातार नींद लेनी चाहिए. इससे हार्मोन बैलेंस रहते हैं, मेटाबॉलिज्म बेहतर तरीके से काम करता है और वजन को नियंत्रित रखने में मदद मिलती है.
अच्छी नींद के लिए अपनाएं ये आसान आदतें
- रोज एक ही समय पर सोने और उठने की कोशिश करें.
- सोने से करीब एक घंटे पहले मोबाइल और लैपटॉप का इस्तेमाल कम करें.
- शाम के बाद चाय, कॉफी और एनर्जी ड्रिंक से बचें.
- रात का खाना हल्का और समय पर खाएं. बेडरूम को शांत, अंधेरा और आरामदायक रखें.
यह भी पढ़ें: 40 की उम्र के बाद हर पुरुष को जरूर कराने चाहिए ये हेल्थ चेकअप्स, कई गंभीर बीमारियां समय रहते चल जाएंगी पता

