- डीडीए ने ‘कर्मजीवी आवास योजना 2026’ शुरू की, 25% छूट.
- रजिस्ट्रेशन 24 जुलाई से शुरू, बुकिंग 15 अगस्त से होगी.
- सरकारी, निजी कर्मी, व्यवसायी इस योजना के पात्र हैं.
- दिल्ली में संपत्ति होने पर भी योजना का लाभ मिलेगा.
Karmajeevi Awaas Yojana 2026: अगर आपका भी सपना दिल्ली में अपने खुद के घर का है, लेकिन बजट टाइट है, तो यह खबर आपके लिए हैं. दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी (DDA) मिडिल क्लास लोगों के लिए एक खास स्कीम लेकर आ रही है, जिसके लिए रजिस्ट्रेशन कल यानी कि शुक्रवार, 24 जुलाई से शुरू होने जा रहा है.
स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने ‘कर्मजीवी आवास योजना 2026′ के नाम से एक नई स्कीम का ऐलान कर दिया है, जिसके तहत नॉर्थ दिल्ली के नरेला में बने-बनाए (रेडी-टू-मूव) 1200 फ्लैट्स पर 25% की छूट दी जाएगी.’द इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भले ही 24 जुलाई से शुरू होगी, लेकिन बुकिंग 15 अगस्त से DDA आवास पोर्टल के जरिए ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगी.
25% डिस्काउंट के बाद कितनी रह जाएगी कीमत?
ये सभी फ्लैट्स पूरी तरह से बने-बनाए या रेडी-टू-मूव है. ये फ्रीहोल्ड बेसिस पर बेचे जा रहे हैं यानी कि खरीदारों को पजेशन के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
1 BHK फ्लैट- शुरुआती कीमत 33.40 लाख
2 BHK फ्लैट- शुरुआती कीमत 75.55 लाख
3 BHK फ्लैट- शुरुआती कीमत 1.065 करोड़
DDA के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह स्कीम दिल्ली के उप-राज्यपाल और DDA चेयरमैन तरनजीत सिंह संधू की देखरेख में शुरू की गई थी. इसका मकसद कामकाजी पेशेवरों के लिए घर खरीदना आसान बनाना था. रिपोर्ट के मुताबिक, प्रवक्ता ने कहा कि इस पहल का मकसद उन लोगों को घर खरीदने में मदद करना था, जिन्होंने देश के निर्माण और भारत की आर्थिक तरक्की में अहम योगदान दिया है और आगे भी दे रहे हैं.
किन्हें मिलेगा स्कीम का फायदा?
- DDA की इस स्कीम का फायदा सभी सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा, जिनमें केंद्र सरकार, राज्य सरकार, पीएसयू, सरकारी बैंकों, स्वायत्त निकायों और सरकारी विश्वविद्यालयों में कार्यरत और सेवानिवृत्त सभी कर्मचारी शामिल हैं.
- कॉर्पोरेट सेक्टर में काम करने वाले कर्मचारी, आईटी प्रोफेश्नल्स, डॉक्टर, सीए जैसे प्राइवेट सेक्टर के दूसरे प्रोफेश्नल्स भी इस स्कीम के पात्र हैं.
- जिन खुद का अपना बिजनेस या स्टार्टअप है, इस स्कीम के तहत वे भी अप्लाई कर सकते हैं.
- स्कीम की सबसे खास बात यह है कि अगर आपके पास दिल्ली में पहले से अपना कोई मकान या प्लॉट है, तो भी आप इस योजना के तहत फ्लैट खरीदने के लिए अप्लाई कर सकते हैं.
बुकिंग का क्या है तरीका?
जैसा कि पहले ही बताया जा चुका है कि यह स्कीम ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर काम करेगी इसलिए पहले आवेदन और पेमेंट करने वाले को फ्लैट अलॉट कर दिया जाएगा. ऐसे में इच्छुक आवेदक डीडीए के आधिकारिक वेबसाइट www.dda.gov.in या DDA हाउसिंग पोर्टल eservices.dda.org.in पर जा सकते हैं. अधिक जानकारी या मदद के लिए DDA के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-110-332 पर कॉल कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें:

