फीफा विश्व कप 2026 का अंत हो चुका है। स्पेन ने फाइनल में अर्जेंटीना को हराकर यह विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। 2026 का यह टूर्नामेंट अपने आप में काफी खास रहा। दरअसल, पहली बार विश्व कप के फॉर्मेट को बदलकर 48 टीमों के लिए बढ़ाया गया। इससे जहां एक तरफ केप वर्दे, कुराकाओ जैसी बेहतरीन टीमों ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया तो वहीं कॉन्गो जैसी टीम, जो कि महज दूसरे विश्व कप में उतरी, ने भी अपने खेल से विशेषज्ञों को प्रभावित किया।



अब दुनिया की नजर 2030 के विश्व कप पर है, जो कि पहले फुटबॉल वर्ल्ड कप के 100 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित होगा। फीफा के अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने अगले विश्व कप में एक बार फिर टूर्नामेंट का प्रारूप बदलने और इसमें टीमों की संख्या बढ़ाकर 64 करने में दिलचस्पी दिखाई है। हालांकि, अंतिम फैसला फीफा की बैठक के बाद ही लिए जाएंगे।