
छोटे बच्चे बहुत मासूम होते हैं. उन्हें सही और गलत का पूरा फर्क समझने में समय लगता है. कई बार वे खेल-खेल में या बातों-बातों में घर की निजी बातें दोस्तों, पड़ोसियों या रिश्तेदारों को बता देते हैं. शुरुआत में यह बात सामान्य लग सकती है, लेकिन अगर समय रहते इस आदत पर ध्यान न दिया जाए, तो आगे चलकर यह परिवार के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। ऐसे में माता-पिता को समझदारी से बच्चे को सही बात सिखानी चाहिए.
बच्चे घर की बातें बाहर क्यों बताते हैं?
छोटे बच्चों को यह समझ नहीं होता कि कौन-सी बातें सबके साथ शेयर करनी चाहिए और कौन-सी नहीं. उनके लिए हर बात नई और दिलचस्प होती है. इसलिए वे जो देखते या सुनते हैं, वही दूसरों को बता देते हैं. कई बार बच्चा सिर्फ लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचने के लिए भी ऐसा करता है.
घर का माहौल भी बन सकता है वजह
अगर घर में अक्सर झगड़ा होता है, पैसों की चिंता की बातें होती हैं या तनाव का माहौल रहता है, तो बच्चा इन बातों को अपने दोस्तों या किसी भरोसेमंद व्यक्ति से साझा कर सकता है. कई बार वह अपनी उलझन या डर भी इसी तरह जाहिर करता है.
डांटने की बजाय प्यार से समझाएं
अगर बच्चा घर की कोई निजी बात बाहर बता दे, तो उस पर गुस्सा न करें. उसे अलग से बैठाकर प्यार से समझाएं कि कुछ बातें सिर्फ परिवार के बीच ही रखी जाती हैं. बच्चे को डराकर नहीं, बल्कि समझाकर सिखाना ज्यादा असरदार होता है.

साफ शब्दों में बताएं क्या शेयर करना सही है
बच्चे को आसान भाषा में समझाएं कि स्कूल, खेल या दोस्तों की बातें शेयर करना ठीक है, लेकिन घर की निजी बातें दूसरों से नहीं बतानी चाहिए. जब बात साफ तरीके से समझाई जाती है, तो बच्चा जल्दी सीखता है.
बच्चे के साथ खुलकर बात करें
ऐसा माहौल बनाएं, जहां बच्चा अपनी हर बात बिना डर के आपसे कह सके. उसकी बातें ध्यान से सुनें और उसे भरोसा दें कि वह अपनी परेशानी सबसे पहले आपसे साझा कर सकता है. इससे उसकी आदत धीरे-धीरे बदलने लगेगी.
बच्चों को अच्छी आदतें सिखाने में समय लगता है. धैर्य, प्यार और सही मार्गदर्शन के साथ आप उन्हें यह समझा सकते हैं कि कौन-सी बातें घर तक ही रखना बेहतर होता है.
यह भी पढ़ें: बच्चे के स्कूल से लौटते ही भूलकर भी न पूछें ‘आज क्या पढ़ा?’, इसकी जगह पूछें ये स्मार्ट सवाल

