04:11 PM, 15-Jul-2026
ईरान पर दिन के उजाले में फिर से हमले किए: सेंटकॉम
अमेरिकी सेना की मध्य कमान (सेंटकॉम) ने कहा कि उसने ईरान पर दिन के उजाले में फिर से हमले किए हैं, जो हमलों की बढ़ती रफ्तार का हिस्सा है। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
01:11 PM, 15-Jul-2026
अमेरिकी हमले में दक्षिण-पूर्वी ईरान में सात सैनिकों की मौत
ईरानी सेना ने कहा है कि इरानशहर के बम्पूर गैरीसन पर हुए अमेरिकी हमले का उचित समय पर निर्णायक जवाब दिया जाएगा। सेना ने इस हमले को कायरतापूर्ण आक्रामकता करार दिया है।
सेना के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने बम्पूर स्थित सैन्य बैरक पर 13 मिसाइलें दागीं। इस हमले में 388वीं ब्रिगेड के सात सैनिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। ईरानी सेना ने दावा किया कि ‘निष्क्रिय रक्षा उपायों’ की वजह से जनहानि को सीमित रखने में मदद मिली।
सेना का आरोप है कि अमेरिकी हमलों का उद्देश्य अधिकतम जनहानि पहुंचाना था। इसके तहत सैन्य अड्डे के गेस्ट हाउस, सुरक्षा चौकियों और आवासीय सुविधाओं को निशाना बनाया गया।
01:01 PM, 15-Jul-2026
अमेरिकी हवाई हमलों से ईरान में 30 से अधिक लोगों की मौत
ईरान पर अमेरिका द्वारा किए गए हवाई हमलों में हाल के दिनों में 30 से अधिक लोगों की मौत हुई है। यह जानकारी ईरानी सरकार की प्रवक्ता फातेमेह मोहाजेरानी ने बुधवार को दी। यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि रातभर हुए अमेरिकी हवाई हमलों में 260 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हालांकि, फातेमेह मोहाजेरानी ने यह साफ नहीं किया कि उन्होंने 30 से अधिक मौतों का आंकड़ा किस अवधि के दौरान में दिया है। अमेरिका और इस्राइल के साथ जारी संघर्ष के दौरान ईरान ने हताहतों के आंकड़े केवल सीमित अंतराल के साथ ही सार्वजनिक किए हैं।
11:44 AM, 15-Jul-2026
गाजा में इस्राइली हवाई हमले में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
मध्य गाजा पट्टी के शहर दीर अल-बलाह में एक घर पर इस्राइली हेलीकॉप्टर से किए गए हवाई हमले में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। मृतकों में छह साल की एक बच्ची भी शामिल है। बुधवार तड़के हुए इस हमले में एक परिवार के घर को सीधे निशाना बनाया गया। हमले में 33 वर्षीय उमर सामी अहमद अबू कासिम, उनकी पत्नी अस्मा गाजी अबू कासिम और उनकी छह वर्षीय बेटी हबीबा उमर सामी अबू कासिम की मौत हो गई। बताया गया कि इस हमले के बीच गाजा पट्टी के कई इलाकों में लगातार गोलाबारी और हवाई हमले जारी हैं।
10:53 AM, 15-Jul-2026
अमेरिका ने ईरान में गेहूं भंडारण केंद्र पर किया हमला
ईरान के पश्चिमी खुजेस्तान प्रांत के होविजेह इलाके में अमेरिका ने एक गेहूं भंडारण केंद्र पर हमला किया है। प्रांत के उप-गवर्नर ने सरकारी समाचार एजेंसी फार्स को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, रात के समय हुए हमले में अमेरिकी मिसाइल ने गेहूं भंडारण केंद्र को प्रभावित किया। उन्होंने बताया कि इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
09:39 AM, 15-Jul-2026
ईरान ने जॉर्डन पर दागी मिसाइलें
जॉर्डन ने बुधवार को दावा किया कि उसकी सेना ने उनके देश को निशाना बनाकर ईरान द्वारा दागी गई मिसाइलों को मार गिराया। इससे पहले तेहरान ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर हमलों के बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ दोबारा नौसैनिक नाकेबंदी लागू कर दी है। जॉर्डन की सेना ने सरकारी समाचार एजेंसी पेट्रा के जरिए जारी बयान में कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने ईरान की ओर से दागी गई तीनों मिसाइलों को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया।
08:11 AM, 15-Jul-2026
अमेरिका ने होर्मुज में फिर लागू की नाकेबंदी, टैंकरों पर हमले के बाद लिया फैसला
अमेरिकी सेना ने बुधवार तड़के कहा कि उसने ईरान को निशाना बनाकर किए गए हमलों का अपना ताजा दौर पूरा कर लिया है। ये हमले ऐसे समय किए गए जब अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान पर दोबारा नौसैनिक नाकेबंदी लागू कर दी। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने बताया कि यह सैन्य अभियान करीब सात घंटे तक चला। इस दौरान ईरान के मिसाइल और ड्रोन ठिकानों के साथ-साथ तटीय रक्षा प्रणालियों और नौसैनिक संसाधनों को निशाना बनाया गया। वहीं, ईरान की ओर से फिलहाल इन हमलों में हुए किसी भी तरह के नुकसान या हताहतों की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
06:50 AM, 15-Jul-2026
ईरान ने अमेरिकी नाकाबंदी को खारिज किया
ईरान ने समुद्री नाकाबंदी बहाल करने के अमेरिकी फैसले को सिरे से खारिज कर दिया है। ईरानी अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि किसी भी तरह का दबाव या सैन्य कार्रवाई तेहरान को बातचीत के लिए मजबूर नहीं कर सकती। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि वाशिंगटन का यह कदम क्षेत्र के संकट को और ज्यादा गहरा कर देगा।
06:49 AM, 15-Jul-2026
बहरीन में बजे चेतावनी के सायरन, गृह मंत्रालय ने निवासियों को सतर्क रहने को कहा
बहरीन के गृह मंत्रालय ने जानकारी दी है कि देश में सुरक्षा चेतावनी के सायरन सक्रिय कर दिए गए हैं। मंत्रालय ने सभी निवासियों से पूरी तरह सतर्क और सावधान रहने की अपील की है। यह घोषणा क्षेत्र में लगातार बढ़ते तनाव और खाड़ी देशों में अमेरिकी सहयोगियों को निशाना बनाकर किए जा रहे ईरानी हमलों के बीच की गई है।
06:06 AM, 15-Jul-2026
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान पर लगाया नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने ईरान पर पूरे क्षेत्र में जानबूझकर नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। सेंट्रल कमांड के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने कहा कि, पिछले सात दिनों में ईरान ने पूरे इलाके में सात कमर्शियल जहाजों पर हमला करके जान-बूझकर आम नागरिकों को निशाना बनाया है, जिससे लगभग एक दर्जन क्रू मेंबर मारे गए, लापता हो गए या घायल हो गए। ईरानी सेना ने पड़ोसी खाड़ी देशों की ओर दर्जनों मिसाइलें और ड्रोन भी दागे हैं। अमेरिकी सेना ईरान को इस गैर-जरूरी आक्रामकता के लिए जिम्मेदार ठहरा रही है, जिससे बेगुनाह लोगों की जान को खतरा बना हुआ है।


