US Iran News: तुर्किये की राजधानी अंकारा में आयोजित NATO शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया. मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि उनका मानना है कि ईरान के साथ हुआ मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) अब खत्म हो चुका है. उन्होंने दावा किया कि हालिया घटनाक्रम के बाद दोनों देशों के बीच हुए इस समझौते का कोई महत्व नहीं रह गया है.
‘मुझे लगता है MoU अब खत्म हो चुका है’
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि MoU अब खत्म हो चुका है.” इस दौरान उन्होंने इशारा किया कि अमेरिका और ईरान के बीच हालात इस स्तर तक पहुंच चुके हैं कि दोनों देशों के बीच हुए समझौते का भविष्य अब समाप्त माना जाना चाहिए. ट्रंप ने कहा, “हमने पिछली रात ईरान के बेहद खतरनाक लोगों पर बहुत ताकतवर हमला किया.” उन्होंने इस कार्रवाई को अमेरिका की सुरक्षा के लिए जरूरी बताते हुए कहा कि यह ऑपरेशन पूरी ताकत के साथ अंजाम दिया गया.
ईरानी नेतृत्व पर भी साधा निशाना
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “वे बीमार हैं, उनके साथ कुछ गड़बड़ है.” ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है और दोनों देशों के बीच हाल के सैन्य घटनाक्रम ने क्षेत्रीय हालात को और संवेदनशील बना दिया है.
यह भी पढ़ें : E20 वाला पेट्रोल भूल जाइए, सरकार लाने वाली है E25, E30 और E85 वाला फ्यूल, ये है पूरा प्लान
ईरान के कथित हमलों की कड़ी निंदा
मुस्लिम वर्ल्ड लीग (MWL) ने बुधवार को होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में कतर और सऊदी अरब के जहाजों को कथित रूप से निशाना बनाए जाने की कड़ी निंदा की है. संगठन ने कहा कि इस तरह की घटनाएं क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं और धार्मिक मूल्यों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय मानकों का भी उल्लंघन करती हैं.
महासचिव ने बताया ‘आपराधिक गतिविधि’
मुस्लिम वर्ल्ड लीग के महासचिव मोहम्मद बिन अब्दुलकरीम अल-इस्सा ने कहा कि ईरान के कथित हमले उन बार-बार होने वाली “आपराधिक गतिविधियों” का हिस्सा हैं, जो धार्मिक मूल्यों, अंतरराष्ट्रीय कानून, मानवीय कानूनों और वैश्विक नियमों का उल्लंघन करती हैं. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं पश्चिम एशिया में सुरक्षा और स्थिरता बहाल करने के प्रयासों को कमजोर करती हैं.


