
Parenting Tips: बच्चे के लिए नए स्कूल की शुरुआत सिर्फ नई किताबों और क्लासरूम तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह उसके जीवन का एक बड़ा बदलाव भी होता है. नए दोस्त, नए शिक्षक और नया माहौल कई बार बच्चों को उत्साहित करने के साथ-साथ थोड़ा असहज भी महसूस करा सकते हैं. ऐसे समय में माता-पिता का साथ और सही बातचीत बच्चे का आत्मविश्वास बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती है.
अक्सर माता-पिता स्कूल से लौटते ही पूछते हैं, “आज क्या पढ़ाया?” या “होमवर्क मिला?” लेकिन ऐसे सवालों का जवाब अक्सर एक-दो शब्दों में ही खत्म हो जाता है. अगर आप बच्चे से उसकी भावनाओं और अनुभवों से जुड़े सवाल पूछेंगे, तो वह खुलकर अपनी बातें साझा करेगा.
बच्चे से रोज पूछें ये 5 सवाल
1. आज स्कूल में सबसे अच्छी बात क्या लगी?
इस सवाल से बच्चा दिन के अच्छे अनुभव साझा करता है। इससे उसका आत्मविश्वास बढ़ता है और स्कूल के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है.
2. आज तुमने किसके साथ समय बिताया?
इससे आपको बच्चे की दोस्ती और सामाजिक व्यवहार के बारे में पता चलता है. अगर बच्चा अकेलापन महसूस कर रहा है, तो उसका संकेत भी मिल सकता है.
3. क्या आज कोई ऐसी बात हुई जिससे तुम्हें बुरा लगा या डर लगा?
यह सवाल बच्चे को अपनी भावनाएं खुलकर व्यक्त करने का मौका देता है. अगर उसे स्कूल में किसी तरह की परेशानी है, तो उसकी जानकारी समय रहते मिल सकती है.
4. आज तुमने कौन-सी नई चीज सीखी?
यह सवाल बच्चे में सीखने की उत्सुकता बढ़ाता है और उसे अपनी छोटी-छोटी उपलब्धियों पर गर्व महसूस कराता है.

5. क्या तुम कल फिर स्कूल जाना चाहोगे? क्यों?
इस सवाल से आप समझ सकते हैं कि बच्चा स्कूल में सहज महसूस कर रहा है या नहीं. अगर वह बार-बार मना करे, तो उसके पीछे की वजह जानने की कोशिश करें.
बातचीत करते समय रखें इन बातों का ध्यान
बच्चे से हमेशा प्यार और धैर्य के साथ बात करें। उसकी बात बीच में न काटें और तुलना करने से बचें. अगर बच्चा तुरंत जवाब न दे, तो उस पर दबाव न बनाएं. खेलते समय, टहलते हुए या सोने से पहले की बातचीत कई बार बच्चों को अपनी बातें खुलकर कहने में मदद करती है.
रोज कुछ मिनट बच्चे के साथ बिना किसी जल्दबाजी के बातचीत करने की आदत न केवल उसके मन की बात समझने में मदद करेगी, बल्कि माता-पिता और बच्चे के रिश्ते को भी मजबूत बनाएगी.
यह भी पढ़ें: पैरेंटिंग टिप्स: हर माता-पिता को अपनानी चाहिए ये 5 आदतें, बच्चों में अपने आप आएंगे अच्छे संस्कार

