Instant Breakfast Ideas: सुबह की भागदौड़ में अक्सर हमारे पास नाश्ते के लिए समय ही नहीं बचता है. खासकर जो लोग ऑफिस जाने वाले होते हैं, उनके लिए सुबह का वक्त किसी जंग से कम नहीं होता. ऐसे में, या तो हम ब्रेकफास्ट स्किप कर देते हैं या फिर हमें बाहर का कुछ अनहेल्दी खाना पड़ जाता है. लेकिन अगर आप चाहते हैं कि आपके शरीर को पूरे दिन एनर्जी मिलती रहे, तो आपके लिए यह बेहद जरूरी हो जाता है कि आप अपना ब्रेकफास्ट जितना हो सके हेल्दी ही रखें. अगर आप भी रोज सुबह समय की कमी से जूझते हैं, तो परेशान न हों. इस आर्टिकल में हम आपको 3 ऐसे क्विक, ईजी और हेल्दी ब्रेकफास्ट आइडियाज के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें आप सिर्फ 10 मिनट में तैयार कर सकते हैं। तो चलिए, इन रेसिपी आइडियाज के बारे में विस्तार से जानते हैं.

जरूर ट्राय करें कस्टमाइज्ड ओट्स दलिया
ओट्स को सुबह के नाश्ते के लिए सबसे बेस्ट चॉइस माना जाता है. ऐसा इसलिए क्योंकि इसमें आपको भरपूर मात्रा में फाइबर मिल जाता है. ओट्स बनाना काफी ज्यादा आसान है. इसके लिए आपको सबसे पहले एक पैन में एक कप दूध या पानी उबाल लेना है और फिर उसमें आधा कप ओट्स डालकर 3 से 4 मिनट तक अच्छे से पकाएं. जब यह गाढ़ा हो जाए, तो गैस बंद कर दें. अब इसमें स्वाद के लिए थोड़ा सा शहद, कटे हुए बादाम, अखरोट और अपने पसंदीदा फल जैसे केला या सेब मिक्स कर लें. यह ब्रेकफास्ट सिर्फ 5 मिनट में बनकर तैयार हो जाता है और दोपहर तक आपके पेट को भरा रखता है.
ये भी पढ़ें: रात की भूख भी मिटेगी और वजन भी नहीं बढ़ेगा, डिनर में शामिल करें ये 5 सुपर लो कैलोरी फूड्स
ट्राय करें इंस्टैंट बनने वाला पोहा
पोहा की बात करें तो इसे भारत का सबसे पसंदीदा और हल्का ब्रेकफास्ट माना जाता है. इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले पोहे को पानी से धोकर साफ कर लें और 2 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद एक कढ़ाई में थोड़ा सा तेल गर्म कर लें और फिर उसमें राई, कढ़ी पत्ता, बारीक कटा प्याज और हरी मिर्च डालकर अच्छे से भूनें. अब आपको इसमें थोड़ी सी हल्दी, नमक और भीगा हुआ पोहा डालकर अच्छी तरह मिला लेना होगा. इसके बाद ऊपर से थोड़ा सा नींबू का रस और थोड़ा सा हरा धनिया भी मिक्स कर लें. अगर आपके पास भुनी हुई मूंगफली है, तो उसे भी मिला सकते हैं. आपका टेस्टी पोहा 10 मिनट में बनकर तैयार है.
प्रोटीन से लोडेड पनीर भुर्जी सैंडविच
अगर आपको सुबह के नाश्ते में कुछ चटपटा और थोड़ा हैवी खाने का मन है, तो पनीर सैंडविच एक बेहतरीन ऑप्शन साबित हो सकता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरी में कद्दूकस किया हुआ पनीर लें. इसके बाद इसमें बारीक कटा हुआ प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, थोड़ा सा चाट मसाला और नमक मिलाकर एक मिक्चर तैयार कर लें. अब आपको दो ब्राउन या व्होल व्हीट ब्रेड लेना है और फिर उनके बीच इस मिक्चर को भरें और तवे पर हल्का सा घी या बटर लगाकर दोनों तरफ से सेक लेना है. यह सैंडविच प्रोटीन से लोडेड होता है और ऑफिस जाने वालों के लिए एक परफेक्ट टिफिन ऑप्शन भी है.
ये भी पढ़ें: बिना प्याज-लहसुन के भी बन सकता है लाजवाब डिनर, ट्राई करें ये 3 टेस्टी रेसिपीज जिन्हें हर कोई करेगा पसंद


