मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच शनिवार (20 जून 2026) को 3 इंडियन क्रूड ऑयल सुपर टैंकर सुरक्षित रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर गए है. इसमें 94 भारतीय क्रू मेंबर भी मौजूद है. हाल ही में होर्मुज स्ट्रेट को लेकर तनाव बढ़ रहा था और कुछ ही घंटे बाद ईरान की ओर से इसे फिर से बंद करने की घोषणा कर दी गई है.
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक तीनों जहाजों ने जोखिम भरे क्षेत्र को पार कर लिया. इनमें से एक जहाज देश विभोर ने रास्ते में थोड़ी देर के लिए साउथ रूट की ओर रुख किया और फिर ईरानी तट की दिशा में लौट आया, जिससे स्थिति और मुश्किल लग रही थी.
सेंट्रल पोर्ट, शिपिंग और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने पुष्टि की कि तीनों टैंकर—देश वैभव, देश विभोर और सनमार हेराल्ड सुरक्षित रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर चुके हैं और भारत की ओर बढ़ रहे हैं. उन्होंने बताया कि ये जहाज 24 जून से 1 जुलाई के बीच अलग-अलग भारतीय बंदरगाहों पर पहुंचेंगे. इन टैंकरों में कुल मिलाकर 8 लाख 60 हजार टन से अधिक कच्चा तेल भरा हुआ है, जो भारत की एनर्जी जरूरतों के लिए बेहद जरूरी है. सरकार के अनुसार, हर जहाज में लगभग 2.85 लाख टन क्रूड ऑयल मौजूद है. मंत्रालय ने यह भी बताया कि फिलहाल फारस की खाड़ी में 10 भारतीय जहाज अभी भी मौजूद हैं, जो इस क्षेत्र के पश्चिमी हिस्से में हैं.
ये भी पढ़ें: होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर 60 दिनों तक नहीं लगेगा टोल, डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा ऐलान, अमेरिकी टैक्स पर क्या कहा?
अमेरिका और ईरान के बीच अंतरिम समझौते
इससे पहले अमेरिका और ईरान के बीच एक अंतरिम समझौते के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को आंशिक रूप से खोला गया था. समझौते में ईरान की तरफ से अपने यूरेनियम भंडार को कम करने और बदले में प्रतिबंधों में राहत देने जैसी बातें शामिल थीं. इसी वजह से समुद्री यातायात कुछ समय के लिए सामान्य हुआ था, लेकिन तनाव तब फिर बढ़ गया जब ईरान की सैन्य कमान ने लेबनान में इजरायली हमलों का हवाला देते हुए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने की चेतावनी दी.
ईरान का आरोप है कि अमेरिका ने अपने वादों का पालन नहीं किया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई. ईरान की ओर से यह भी कहा गया कि अगर हमले जारी रहे तो आगे और कड़े कदम उठाए जाएंगे. इसी बीच ईरानी डेलिगेशन स्विट्जरलैंड में अमेरिका के साथ तकनीकी बातचीत के लिए रवाना हो चुका है, जिसमें कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: US Iran Deal: अमेरिका और ईरान के बीच डील होगी फाइनल? गालिबाफ ने फिर याद दिलाया मिनाब अटैक, फोटो किया शेयर

