बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेताओं में शुमार अजय देवगन ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दी हैं. 35 सालों के बाद भी बड़े पर्दे पर उनकी चमक फीकी नहीं पड़ी है. उन्होंने अपने बॉलीवुड डेब्यू के साथ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी धूम मचा दी थी. लेकिन, अजय देवगन की इस सफलता में दिग्गज एक्टर अनिल कपूर को भारी नुकसान झेलना पड़ा था. आइए जानते हैं कि आखिर कैसे?
‘फूल और कांटे’ से किया था डेब्यू
अजय देवगन दिवंगत स्टंट डायरेक्टर वीरू देवगन के बेटे हैं. अजय को शुरू से ही फिल्मी दुनिया में आने का शौक था. छोटी उम्र में ही वो बड़े पर्दे के प्रति में दिलचस्पी दिखाने लगे थे. हालांकि वो एक्टर नहीं, बल्कि फिल्ममेकर बनना चाहते थे. लेकिन, किस्मत को उनका एक्टर बनना ही मंजूर था. अजय ने 22 साल की उम्र में साल 1991 की फिल्म ‘फूल और कांटे’ से बतौर लीड एक्टर डेब्यू किया था. संदेश कोहली के डायरेक्शन में बनी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तगड़ी कमाई की थी और अजय रातोंरात स्टार बन गए थे.
ये भी पढ़ें: इन फिल्मों से बॉक्स ऑफिस किंग बनेंगे अजय देवगन, दृश्यम 3 से लेकर गोलमाल 5 तक ये है लिस्ट
अनिल कपूर को कैसे हुआ था नुकसान?

जहां अजय की फिल्म फूल और कांटे नवंबर 1991 में रिलीज हुई थी तो इसी इसी दौरान अनिल कपूर की फिल्म ‘लम्हे’ ने भी बड़े पर्दे पर दस्तक दी थी. फिल्म में अनिल के साथ लीड रोल में दिग्गज एक्ट्रेस श्रीदेवी थीं. दोनों ही तब बड़े स्टार बन चुके थे. उम्मीद थी कि ये फिल्म कमाल करेगी, लेकिन अजय के जादू के आगे अनिल और श्रीदेवी का स्टारडम फीका पड़ गया.
ये भी पढ़ें: अनिल कपूर की शादी को 42 साल पूरे, वेडिंग एनिवर्सरी पर पत्नी सुनीता के लिए लिखा इमोशनल नोट
अजय देवगन ने ‘आप की अदालत’ में बताया था कि फिल्म के प्रीमियर पर अनिल कपूर ने उनसे मुलाकात की थी और उन्हें समझाया था कि वो लम्हे के सामने उनकी फिल्म फूल और कांटे रिलीज न करें. अनिल ने तर्क दिया था कि कास्ट, डायरेक्टर और प्रोड्यसूर भी नया है और ऐसे में ये बड़ा जोखिम साबित हो सकता है. लेकिन, फिल्मों की रिलीज के बाद मामला उल्टा पड़ गया. लम्हे बुरी तरह पिट गई थी और अजय की फिल्म दर्शकों के दिलों में उतर गई. लम्हे को बॉक्स ऑफिस पर एवरेज फिल्म का टैग मिला था.
