बॉलीवुड के जाने-माने फिल्ममेकर करण जौहर अक्सर किसी न किसी कारण चर्चा में रहते हैं. वो बेहतरीन फिल्मों के साथ-साथ अपने बेबाक अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं. अब हाल ही में करण जौहर ने फिल्म इंडस्ट्री में बढ़ते ‘हाइपर-मस्कुलिन’ ट्रेंड पर खुलकर अपनी राय रखी है. उन्होंने कहा कि आजकल बॉलीवुड में ‘बिग अल्फा मेल’ वाली सोच हावी होती जा रही है, जहां फिल्मों में जरूरत से ज्यादा मर्दानगी, एग्रेसन और टेस्टोस्टेरोन दिखाया जा रहा है.
बॉलीवुड में बन रहीं एक ही तरह की फिल्में- करण जौहर
‘द वीक’ के साथ एक खास इंटरव्यू में करण जौहर ने बताया कि थिएटर्स में रिलीज होने वाली ज्यादातर फिल्में अब एक ही तरह की बन रही हैं, जिनमे हीरो का गुस्सा, एक्शन और दबदबा ही सब कुछ होता है. उन्होंने इस ट्रेंड को ‘हर्ड मेंटैलिटी’ यानी भीड़ का पीछा करने वाली सोच बताया. करण ने कहा, ‘अगर एक फिल्म किसी खास जोन में हिट हो जाती है तो उसी तरह की 10 और फिल्में बन जाती हैं. आप देखेंगे कि हीरो बिना वजह स्लो मोशन में चलता रहेगा, लंबी दाढ़ी होगी और सिगरेट पीता होगा. शायद यही दिखाया जा रहा है कि यही मर्दानगी है या कम से कम लोग यही मानते हैं कि दर्शकों को यही पसंद आता है.’
ये भी पढ़ें:- दूसरे धर्म में शादी नहीं करेंगी रीम शेख, बोलीं- मैं 5 वक्त की नमाज पढ़ती हूं
करण जौहर ने किया ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ का जिक्र
करण जौहर ने बताया कि ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर अभी भी अलग तरह की कहानियों के लिए जगह है, जहां किरदारों को ज्यादा गहराई और डायवर्सिटी (विविधता) के साथ दिखाया जा रहा है. करण जौहर ने अपनी फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ का जिक्र करते हुए बताया कि जब उन्होंने एक पुरुष किरदार को क्लासिकल डांस करते हुए दिखाया तो उन्हें काफी आलोचना झेलनी पड़ी. उन्होंने कहा, ‘मुझसे पूछा गया कि आप एक आदमी को ऐसा कैसे दिखा सकते हैं? अगर मैं सिर्फ एक खास तरह के दर्शकों के हिसाब से ही सोचूं और अपने विश्वास पर कायम न रहूं, तो फिर मैं यहां क्यों हूं? मैं एक फेमिनिस्ट हूं और हमेशा वैसी ही कहानियां बताऊंगा.’
‘एनिमल’ के बाद चला ट्रेंड
करण जौहर ने कहा कि सिनेमा में हर तरह की कहानियां होनी चाहिए और एक ही तरह की मर्दानगी को बार-बार नहीं दिखाना चाहिए. बता दें कि आजकल बॉलीवुड में जो ये ज्यादा ‘माचो’ और एग्रेसिव हीरो वाला ट्रेंड चल रहा है, उसे काफी हद तक रणबीर कपूरी की फिल्म ‘एनिमल’ से जोड़ा जाता है. इस फिल्म में रणबीर का किरदार काफी आक्रामक और डार्क था. फिल्म की सफलता के बाद ‘मार्को’ और ‘धुरंधर’ जैसी फिल्मों में भी इसी तरह के किरदार देखने को मिले.
ये भी पढ़ें:- अर्चना पूरन सिंह के बेटे आयुष्मान सेठी हुए ऑनलाइन ठगी का शिकार, फ्री ट्रायल के नाम पर कंपनी ने उड़ाए 87,000 रुपये
‘चांद मेरा दिल’ लेकर आ रहे करण जौहर
करण जौहर के वर्क फ्रंट की बात करें तो वो जल्द ही फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ लेकर आ रहे हैं, जिसमें अनन्या पांडे और लक्ष्य की जोड़ी नजर आएगी. ये फिल्म 22 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. इसके अलावा करण के पास फिल्म ‘नागज़िला’ भी है, जिसके हीरो कार्तिक आर्यन हैं.


