बेंगलुरु में घर ढूंढना अब सिर्फ सही लोकेशन चुनने तक सीमित नहीं रह गया है. बढ़ते किराए की रकम और भारी सिक्योरिटी डिपॉजिट को लेकर भी लोगों के बीच लगातार चर्चा होती रहती है. हाल ही में एक Reddit यूजर के घर तलाशने का अनुभव शेयर किया, जिसके बाद बेंगलुरू के रेंटल मार्केट को लेकर ऑनलाइन बहस छिड़ गई है.
यूजर के मुताबिक, उसे बेंगलुरु में एक 2BHK के लिए करीब 70 हजार मासिक किराया और करीब 3-4 लाख रुपये का डिपॉजिट देने को कहा गया. फ्लैट ऑफिस के पास था और बालकनी से अच्छा व्यू भी मिल रहा था, लेकिन घर की सुविधाओं और कमरों के आकार को लेकर उसे कई कमियां नजर आईं.
ऑफिस के पास था फ्लैट, लेकिन सुविधाओं ने किया निराश
Reddit पोस्ट में यूजर ने बताया कि जिस फ्लैट को उसने देखा, वह उसके ऑफिस से पैदल दूरी पर था. घर के लिविंग रूम की सजावट और बालकनी से मिलने वाला व्यू उसे पसंद आया. इसी वजह से वह इस प्रॉपर्टी के लिए सामान्य से ज्यादा किराया देने पर भी विचार कर रहा था. हालांकि, फ्लैट देखने के बाद कुछ कमियां सामने आईं.

यूजर के मुताबिक, दोनों बेडरूम इतने बड़े नहीं थे कि उनमें आराम से क्वीन-साइज बेड और वर्क डेस्क रखे जा सकें. फ्लैट को फुली फर्निश्ड बताया गया था, लेकिन यूजर का दावा था कि अंदर केवल एक बेड, दो सोफे और एक छोटा टीवी मौजूद था. फ्रिज, वॉशिंग मशीन, डाइनिंग टेबल और दूसरे बेड जैसी जरूरी चीजें वहां नहीं थीं.
65 हजार रुपये किराए का प्रस्ताव भी नहीं माना गया
यूजर के मुताबिक, मकान मालिक करीब 70 हजार महीने का किराया मांग रहा था, जिसमें मेंटेनेंस भी शामिल था. इसके अलावा 3-4 लाख रुपये का डिपॉजिट और हर साल करीब 7-8 प्रतिशत किराया बढ़ाने की बात कही गई थी. उसे यह भी बताया गया कि आसपास के कुछ मकान मालिक 10 प्रतिशत तक सालाना बढ़ोतरी मांगते हैं.
इसके बाद Reddit यूजर ने 65 हजार रुपये मासिक किराए और तीन महीने के डिपॉजिट का प्रस्ताव रखा, लेकिन इसे स्वीकार नहीं किया गया. आखिरकार उसने फ्लैट लेने का फैसला छोड़ दिया.
क्या किराएदार इतनी बड़ी रकम आसानी से दे रहे हैं?
अपने पोस्ट में यूजर ने सिर्फ इस फ्लैट की कीमत पर सवाल नहीं उठाया, बल्कि बेंगलुरु के रेंटल मार्केट को लेकर भी चिंता जताई. उसका कहना था कि नौकरी और आमदनी हमेशा एक जैसी नहीं रहतीं, जबकि किराया और दूसरे खर्च लगातार बढ़ सकते हैं. उसने किराएदारों को सलाह दी कि घर लेते समय केवल मासिक किराए को देखकर फैसला न करें. कमरे का आकार, उपलब्ध फर्नीचर, मेंटेनेंस, डिपॉजिट, भविष्य में होने वाली किराया बढ़ोतरी और आसपास मौजूद समान प्रॉपर्टीज की कीमतों की तुलना करना भी जरूरी है.
फ्रांस के अपार्टमेंट से हुई तुलना
इस पोस्ट पर कई Reddit यूजर्स ने अपनी राय साझा की. कुछ लोगों ने कहा कि अगर किराएदार इतनी रकम देने के लिए तैयार हैं तो मकान मालिक ऊंची कीमत मांगते रहेंगे. वहीं, कुछ यूजर्स ने कहा कि हर मामले में किराएदार के लिए बातचीत करना आसान नहीं होता.
एक यूजर ने तो बेंगलुरु के इस किराए की तुलना फ्रांस में अपने अपार्टमेंट के खर्च से करते हुए कहा कि वहां उसका अपार्टमेंट इससे सस्ता पड़ता है. इस टिप्पणी ने भी ऑनलाइन चर्चा को और बढ़ा दिया.
यह भी पढ़ें- पेट्रोल-डीजल की बंपर बिक्री, लेकिन गैस सुस्त, क्यों घटी LPG की खपत?
यह भी देखें-

