
2 BHK House Vastu Tips: अगर आप 2 BHK घर या फ्लैट लेने की तैयारी कर रहे हैं, तो घर की बनावट के साथ उसकी दिशा पर भी ध्यान देना जरूरी है. वास्तु विशेषज्ञ बाबा बिमलेश के अनुसार, घर के अलग-अलग हिस्सों के लिए कुछ दिशाएं बेहतर मानी जाती हैं. इससे घर का माहौल अच्छा और आरामदायक बनाए रखने में मदद मिल सकती है. आइए इस आर्टिकल में जानते हैं 2 BHK घर के लिए आसान वास्तु टिप्स, जिन्हें आप घर खरीदते या बनवाते समय ध्यान में रख सकते हैं.
मुख्य दरवाजा
घर का मुख्य दरवाजा सबसे जरूरी जगहों में से एक होता है. वास्तु के अनुसार 2 BHK घर में मुख्य प्रवेश द्वार के लिए उत्तर या पूर्व दिशा को अच्छा माना जाता है. दरवाजे के आसपास ज्यादा सामान न रखें और इस जगह को साफ-सुथरा रखें. इससे घर का एंट्री एरिया खुला और सुंदर नजर आता है.
लिविंग रूम
लिविंग रूम वह जगह है जहां परिवार साथ बैठता है और मेहमान भी आते हैं. इसलिए इसका सही जगह पर होना काफी जरूरी है. वास्तु के अनुसार लिविंग रूम को उत्तर या पूर्व दिशा में रखना अच्छा माना जाता है. यहां खिड़की या बालकनी हो तो कमरे में प्राकृतिक रोशनी और हवा भी अच्छी तरह आ सकती है.
फर्नीचर कहां रखें?
घर में फर्नीचर रखते समय कमरे में चलने के लिए पर्याप्त जगह जरूर छोड़ें. भारी सोफा, अलमारी या अन्य बड़ा फर्नीचर दक्षिण या पश्चिम दिशा की तरफ रखना बेहतर माना जाता है. फर्नीचर को दीवार से बिल्कुल चिपकाने के बजाय थोड़ी जगह छोड़ना भी अच्छा रहता है.
रसोई के लिए सही दिशा
रसोई घर का एक जरूरी हिस्सा है. वास्तु के अनुसार दक्षिण-पूर्व दिशा को रसोई के लिए अच्छा माना जाता है. अगर यह संभव न हो, तो उत्तर-पश्चिम दिशा को भी विकल्प माना जाता है. रसोई में गैस, सिंक और बाकी सामान रखते समय भी जगह का सही इस्तेमाल करें. खाना बनाने की जगह पर पर्याप्त रोशनी और हवा होना जरूरी है.
पूजा की जगह
घर में पूजा के लिए अलग कमरा हो तो बहुत अच्छा है. वास्तु के अनुसार उत्तर-पूर्व दिशा को पूजा की जगह के लिए शुभ माना जाता है. अगर 2 BHK घर में अलग पूजा कमरा बनाने की जगह नहीं है, तो लिविंग रूम में भी साफ और शांत जगह पर छोटा पूजा कॉर्नर बनाया जा सकता है.
मास्टर बेडरूम
मास्टर बेडरूम घर के बड़े सदस्यों के लिए होता है. वास्तु के अनुसार इसे दक्षिण-पश्चिम दिशा में रखना अच्छा माना जाता है. बेडरूम में बहुत ज्यादा सामान रखने से बचें. कमरे को साफ और व्यवस्थित रखने से जगह ज्यादा आरामदायक महसूस होती है.
बच्चों का कमरा
अगर घर में बच्चों के लिए अलग कमरा है, तो पूर्व, उत्तर या पश्चिम दिशा में कमरा रखना अच्छा विकल्प माना जाता है. बच्चों की पढ़ाई की मेज ऐसी जगह रखें जहां उन्हें पर्याप्त रोशनी मिले. पढ़ते समय पूर्व या उत्तर दिशा की ओर मुंह करके बैठना वास्तु में अच्छा माना जाता है.
गेस्ट रूम
अगर 2 BHK घर का दूसरा कमरा गेस्ट रूम के तौर पर इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो इसे उत्तर-पश्चिम या पश्चिम दिशा में रखा जा सकता है. कमरे में जरूरत का ही सामान रखें और इसे हवादार और साफ रखें. इससे मेहमानों के लिए कमरा आरामदायक बना रहेगा.
बालकनी किस दिशा में हो?
2 BHK घर में बालकनी घर को खुला और रोशन बनाने में मदद करती है. वास्तु के अनुसार उत्तर या पूर्व दिशा की बालकनी अच्छी मानी जाती है. सुबह की धूप और ताजी हवा के लिए बालकनी में बहुत ज्यादा सामान जमा न करें. कुछ पौधे और आरामदायक बैठने की जगह इसे और खूबसूरत बना सकती है.
बाथरूम के लिए सही जगह
वास्तु के अनुसार बाथरूम के लिए पश्चिम या उत्तर-पश्चिम दिशा को अच्छा माना जाता है. बाथरूम को हमेशा साफ रखें और वहां पानी जमा न होने दें. पूजा की जगह और बाथरूम के बीच उचित दूरी रखना भी बेहतर माना जाता है.
2 BHK घर का प्लान बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
2 BHK घर लेते समय केवल वास्तु ही नहीं, बल्कि अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को भी ध्यान में रखें. कमरों में पर्याप्त जगह, हवा, रोशनी और सामान रखने की सुविधा होना भी उतना ही जरूरी है. वास्तु से जुड़े नियम अलग-अलग मान्यताओं पर आधारित होते हैं, इसलिए घर खरीदने का फैसला केवल इन्हीं बातों के आधार पर न लें. बजट, लोकेशन, घर की बनावट और आपकी जरूरतें भी जरूर देखें.
यह भी पढ़ें: घर में पॉजिटिव एनर्जी के लिए सिर्फ पौधे ही नहीं, इन 5 चीजों की जगह भी है बेहद खास
The post 2 BHK फ्लैट खरीदने से पहले चेक करें ये वास्तु टिप्स, घर रहेगा सुख-समृद्धि से भरपूर appeared first on Prabhat Khabar.


