
Homemade Face Mist: त्योहारों के दिनों में घर की सफाई, खरीदारी और पूजा की तैयारियों के बीच खुद के लिए समय निकालना मुश्किल हो जाता है. इसका असर कई बार चेहरे पर भी दिखने लगता है और स्किन डल नजर आने लगती है. ऐसे में महंगे स्किन केयर प्रोडक्ट्स खरीदने के बजाय घर पर एक आसान फेस मिस्ट तैयार किया जा सकता है. इसे बनाने के लिए कुछ सामान्य चीजों की जरूरत होगी और इसे तैयार करने में भी ज्यादा समय नहीं लगेगा.
ग्लोइंग स्किन के लिए बनाएं होममेड फेस मिस्ट
अगर आप चेहरे को दिनभर फ्रेश और हाइड्रेटेड रखना चाहती हैं, तो घर पर यह आसान फेस मिस्ट बना सकती हैं. इसमें गुलाब जल, जैस्मिन वॉटर और ग्लिसरीन जैसी चीजें इस्तेमाल की जाती हैं. हालांकि, किसी भी नए प्रोडक्ट या घरेलू मिश्रण को चेहरे पर लगाने से पहले अपनी स्किन पर थोड़ा सा लगाकर जरूर देख लें.
फेस मिस्ट बनाने के लिए चाहिए ये चीजें
इस मिस्ट को बनाने के लिए आपको बहुत सारी चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी. घर पर इसे तैयार करने के लिए एक चम्मच गुलाब जल, एक चम्मच जैस्मिन वॉटर, आधा चम्मच ग्लिसरीन और टी-ट्री ऑयल की कुछ बूंदें लें.
ऐसे तैयार करें फेस मिस्ट
सबसे पहले एक साफ कटोरी लें और उसमें गुलाब जल डालें. अब इसमें जैस्मिन वॉटर और आधा चम्मच ग्लिसरीन मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. आखिर में टी-ट्री ऑयल की कुछ बूंदें डालकर एक बार फिर मिक्स करें. तैयार मिश्रण को साफ स्प्रे बोतल में भर लें.
चेहरे पर ऐसे करें इस्तेमाल
फेस मिस्ट लगाने से पहले चेहरे को फेसवॉश या साफ पानी से धो लें. चेहरा साफ करने के बाद बोतल को चेहरे से थोड़ी दूरी पर रखें और हल्का स्प्रे करें. इसके बाद इसे कुछ देर चेहरे पर रहने दें या उंगलियों से बहुत हल्के हाथ से थपथपा सकती हैं.
अगर आपकी स्किन इस मिश्रण को अच्छी तरह सहन करती है, तो जरूरत के हिसाब से इसका इस्तेमाल किया जा सकता है. इसे बहुत ज्यादा बार लगाने की जरूरत नहीं है. जलन, लालिमा या खुजली महसूस हो तो तुरंत इस्तेमाल बंद कर दें.
यह भी पढ़ें: चेहरे की फाइन लाइन्स ने बढ़ाई टेंशन? घर पर ऐसे बनाएं चुकंदर की नाइट क्रीम
The post हर समय चेहरा दिखता है थका हुआ? ये आसान होममेड फेस मिस्ट करें ट्राई appeared first on Prabhat Khabar.

