
मिडिल-ईस्ट में हालात दिनोंदिन बिगड़ते जा रहे हैं. ईरान अमेरिका जंग महीनों से चल ही रही है तो वहीं दूसरी ओर यमन के हूती सऊदी अरब को निशाना बना रहे हैं. हूतियों ने अब सऊदी अरब के शरूराह में ड्रोन दाग दिए हैं और दावा किया है कि सऊदी के एक सैन्य ठिकाने को निशाना बनाकर बड़ा हमला किया है.
अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, हूती सैन्य प्रवक्ता याहिया सारी ने टेलीग्राम पर जारी बयान में इस हमले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि हूतियों ने सैन्य अड्डे के हथियारों के डिपो और कमांड-एंड-कंट्रोल रूम को निशाना बनाया है. इस हमले में बड़ी संख्या में बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन्स का भी इस्तेमाल किया गया.
हूती सैन्य प्रवक्ता का बयान
हूती सैन्य प्रवक्ता का दावा है कि बिल्कुल निशाने पर हमला किया गया है. याहिया सारी ने इस हमले को यमन के खिलाफ सऊदी अरब की लगातार जारी आक्रामकता का जवाब बताया है. इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हमले नहीं रुके, तो आने वाले दिनों में सऊदी अरब के अंदरूनी हिस्सों में और भी घातक हमले किए जाएंगे.
सऊदी सिविल डिफेंस ने भी हूती हमलों से हुए नुकसान की पुष्टि की है. सऊदी नागरिक सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, यमन की ओर से दागे गए एक प्रोजेक्टाइल के जीजान में गिरने से 2 लोग घायल हो गए हैं. इस हमले के चलते एक स्थानीय मस्जिद, कई रिहायशी इमारतों और कई गाड़ियों को भी भारी नुकसान पहुंचा है.
सऊदी ने मोखा एयरपोर्ट पर हमले किए
इससे पहले लाल सागर के प्रवेश द्वार बाबल-अल-मंडेब स्ट्रेट में स्थित मयून आईलैंड पर यमन के हूतियों ने कब्जा कर लिया था. मोखा बंदरगाह शहर पर कब्जे के जवाब में सऊदी अरब ने मोखा एयरपोर्ट पर ताबड़तोड़ हमले किए. हूतियों ने बताया था कि लाल सागर से तेल और गैस के टैंकरों के गुजरने वाले इस इलाके पर कब्जा करके वो और ईरान, अमेरिका पर वैश्विक ऊर्जा कीमतें बढ़ाने का दबाव बनाना चाहते हैं.
ये भी पढ़ें
‘परमाणु ठिकानों पर हमले सही नहीं’, BRICS का अमेरिका को सख्त मैसेज
