
Slow Travel: आजकल की जिंदगी सुबह के अलार्म, लैपटॉप स्क्रीन, ट्रैफिक जाम और डेडलाइंस के बीच सिमट गई है. वेकेशन में भी लोग कम समय में ज्यादा जगहें घूमने की कोशिश करते हैं. इसी भागदौड़ से ब्रेक लेने के लिए युवाओं के बीच 'स्लो ट्रैवल' का चलन बढ़ रहा है. स्लो ट्रैवल का मतलब है किसी एक शांत जगह पर कुछ दिन ठहरना, स्थानीय लोगों की तरह रहना, वहां का खाना खाना और बिना जल्दबाजी के उस जगह को महसूस करना. भारत में ऐसी कई ऑफबीट जगहें हैं, जहां आप शहर की भीड़ से दूर कुछ दिन सुकून से बिता सकते हैं.
माजुली में महसूस करें असम की संस्कृति
ब्रह्मपुत्र नदी के बीच बसा असम का माजुली द्वीप शांति पसंद लोगों के लिए अच्छा विकल्प है. यहां होमस्टे में ठहरकर स्थानीय जीवन को करीब से देख सकते हैं. माजुली के सत्र और यहां बनने वाले पारंपरिक मुखौटे इसकी खास पहचान हैं.
तीर्थन घाटी में पहाड़ों के बीच सुकून
शिमला और मनाली की भीड़ से दूर हिमाचल प्रदेश की तीर्थन घाटी शांत माहौल के लिए जानी जाती है. यहां नदी किनारे समय बिताने, गांवों में घूमने और ट्रैकिंग करने का मौका मिलता है. ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के आसपास का यह इलाका प्रकृति पसंद लोगों को खासा पसंद आता है.
गोकर्ण में समुद्र के किनारे बिताएं समय
कर्नाटक का गोकर्ण समुद्र और शांति पसंद करने वालों के लिए अच्छा विकल्प है. यहां समुद्र किनारे लंबी सैर, योग और स्थानीय खाने का मजा लिया जा सकता है. यह उन लोगों के लिए बेहतर जगह है, जो भीड़भाड़ से दूर आराम करना चाहते हैं.
लोंगवा में दो देशों की सीमा का अनुभव
नागालैंड के मोन जिले का लोंगवा गांव भारत-म्यांमार सीमा के पास बसा है. यह कोन्याक समुदाय की संस्कृति के लिए जाना जाता है. यहां के पारंपरिक मुखिया का घर भारत और म्यांमार दोनों तरफ फैला हुआ है. होमस्टे में रहकर स्थानीय जीवन को करीब से समझा जा सकता है.
मावलिनोंग में देखें प्रकृति और साफ-सफाई
मेघालय का मावलिनोंग साफ-सफाई और हरियाली के लिए जाना जाता है. मेघालय पर्यटन इसे 'एशिया का सबसे साफ गांव' बताता है. यहां खासी संस्कृति और लिविंग रूट ब्रिज भी देखने को मिलते हैं.
सफर में जल्दबाजी न करें
स्लो ट्रैवल का असली मकसद कम समय में ज्यादा जगहें देखना नहीं, बल्कि किसी एक जगह को आराम से महसूस करना है. अगली बार ट्रिप प्लान करें, तो ऐसी जगह चुनें जहां कुछ दिन बिना जल्दबाजी के बिताए जा सकें.
यह भी पढ़ें: सुकून भरी छुट्टियां बितानी हैं? झारखंड की इन 5 शानदार जगहों का बनाएं प्लान
The post वर्क-लाइफ के स्ट्रेस से चाहिए ब्रेक? भारत की इन 5 खूबसूरत ऑफबीट जगहों पर जाएं appeared first on Prabhat Khabar.

