देश की आर्थिक राजधानी मुंबई भारी बारिश की मार झेल रही है। मुंबई के कई पॉश और रिहायशी इलाकों से जलभराव की तस्वीरें सामने आई हैं। इन तस्वीरों में देखा जा सकता है कि जलभराव के कारण आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात की गंभीरता को भांपते हुए बृह्नमुंबई महानगरपालिका (BMC) ने सतर्कता बढ़ा दी है। मूसलाधार बारिश और खराब मौसम के बीच कई इलाकों में पेड़ गिरने से भी नुकसान हुए हैं। बीएमसी की मेयर ऋतु तावड़े ने लोगों से घरों के भीतर रहने की अपील की है। उन्होंने लोगों से कहा है कि जब तक बहुत जरूरी ना हो घरों से बाहर निकलने से परहेज करें। उन्होंने जरूरत पड़ने पर बीएमसी की हेल्पलाइन की मदद लेने का सुझाव भी दिया है।
मुंबई एयरपोर्ट से विमान संचालन में बाधा?
भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण रविवार को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक घंटे के लिए रनवे संचालन निलंबित कर दिया गया। इससे उड़ान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यह निलंबन सुबह 10:17 बजे से 11:17 बजे तक रहा। कई आने-जाने वाली उड़ानें प्रभावित हुईं। यात्रियों को प्रस्थान में औसतन 75 मिनट और आगमन में कम से कम 28 मिनट की देरी हुई। लाइव फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइट flightradar24.com के अनुसार, 87 फीसदी उड़ानें देरी से थीं और 62 फीसदी देर से पहुंचीं। मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने बताया कि 42 नॉट्स तक की तेज हवाओं और कम दृश्यता के कारण सुरक्षा हेतु रनवे संचालन रोका गया था। मौसम सुधरने पर एक घंटे बाद सामान्य संचालन फिर से शुरू हुआ। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सूत्रों के अनुसार, हवाई अड्डा प्रतिदिन 980 से 1,000 उड़ानें संभालता है। फ्लाइट रडार 24 (flightradar24.com) के आंकड़ों के अनुसार, मौसम के कारण 3 फीसदी शहर-बाउंड उड़ानें रद्द हुईं।
केरल में कैसा है मौसम का मिजाज, IMD ने क्या कहा?
केरल के कई हिस्सों में रविवार को बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों के लिए उत्तरी जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है, जिसके लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए गए हैं। रविवार को त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में येलो अलर्ट है, जो 24 घंटे में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक भारी बारिश की संभावना दर्शाता है। 6 जुलाई को कन्नूर और कासरगोड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। 7 जुलाई को कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट है, जिसका मतलब 24 घंटे में 115.6 मिमी से 204.4 मिमी तक बहुत भारी बारिश है। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) ने भूस्खलन और बाढ़ संभावित क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है। नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। KSDMA ने आपातकालीन किट तैयार रखने को कहा है, और बताया कि राज्य भर में चौबीसों घंटे तालुका और जिला नियंत्रण कक्ष काम कर रहे हैं। सहायता के लिए टोल-फ्री आपातकालीन नंबर 1070 और 1077 उपलब्ध हैं।


