कल यानी 28 अगस्त 2026 को देशभर में रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाएगा. ये दिन भाई-बहन के प्यार और खास रिश्ते को सेलिब्रेट करने के लिए जाना जाता है. बॉलीवुड में भी इस रिश्ते पर कई खूबसूरत गाने बनाए गए हैं, जो आज भी लोगों के बीच काफी पसंद किए जाते हैं. रक्षाबंधन के मौके पर आइए नजर डालते हैं ऐसे ही कुछ गानों पर.
‘भैया मेरे राखी के बंधन को निभाना’
साल 1959 में रिलीज हुई फिल्म ‘छोटी बहन’ को दर्शकों ने काफी पसंद किया था. फिल्म का गाना ‘भैया मेरे राखी के बंधन को निभाना’ भी खूब पॉपुलर हुआ. ये गाना बलराज साहनी, नंदा और रहमान पर फिल्माया गया था. इसे लता मंगेशकर ने अपनी आवाज दी थी, जबकि इसका संगीत शंकर-जयकिशन ने तैयार किया और बोल शैलेन्द्र ने लिखे थे. आज भी ये गाना रक्षाबंधन के मौके पर खूब सुनने को मिलता है.
‘बहना ने भाई की कलाई से प्यार बांधा है’
धर्मेंद्र और कुमुद छुगानी की फिल्म ‘रेशम की डोरी’ साल 1974 में रिलीज हुई थी. फिल्म का गाना ‘बहना ने भाई की कलाई से प्यार बांधा है’ आज भी रक्षाबंधन के सबसे पसंदीदा गानों में शामिल है. इसे सुमन कल्याणपुर ने अपनी आवाज दी है, जबकि बोल इंदीवर ने लिखे हैं और संगीत शंकर-जयकिशन ने दिया है. ये गाना धर्मेंद्र और कुमुद छुगानी पर फिल्माया गया है. भाई-बहन के प्यार को दिखाने वाला ये गाना आज भी रक्षाबंधन पर खूब सुनाई देता है.
‘मेरे भैया मेरे चंदा’
साल 1965 में रिलीज हुई फिल्म ‘काजल’ का गाना ‘मेरे भैया मेरे चंदा’ आज भी भाई-बहन के रिश्ते को बयां करने वाले पसंदीदा गानों में शामिल है. रक्षाबंधन के मौके पर ये गाना खूब सुनने को मिलता है. इसे दिग्गज गायिका आशा भोसले ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसका संगीत रवि ने दिया है. भाई के लिए बहन के प्यार को दिखाता ये गाना आज भी लोगों को भावुक कर देता है.
ये भी पढ़ें:- ‘मैं इनोसेंट थी और इनोसेंट रहूंगी’, ‘द ट्रेटर्स 2’ से एविक्शन के बाद इमोशनल हुईं रिया चक्रवर्ती
‘रंग बिरंगी राखी लेकर आई बहना’
साल 1962 में रिलीज हुई फिल्म ‘अनपढ़’ का गाना ‘रंग बिरंगी राखी लेकर आई बहना’ भी रक्षाबंधन के मौके पर खूब सुना जाता है. इस खूबसूरत गाने को लता मंगेशकर ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल राजा मेहदी अली खान ने लिखे हैं और संगीत मदन मोहन ने दिया है. भाई-बहन के प्यार और रक्षाबंधन की खुशियों को दिखाता ये गाना आज भी लोगों के बीच काफी पसंद किया जाता है.
‘ये बंधन तो प्यार का बंधन है’
साल 1995 में रिलीज हुई फिल्म ‘करण अर्जुन’ का गाना ‘ये बंधन तो प्यार का बंधन है’ भी रक्षाबंधन पर खूब सुनने को मिलता है. इस गाने में सलमान खान और शाहरुख खान भाई के किरदार में नजर आए थे. गाने को कुमार सानू, उदित नारायण और अल्का याग्निक ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल राजेश रोशन ने लिखे हैं. भाइयों के प्यार और मजबूत रिश्ते को दिखाने वाला ये गाना आज भी लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है.
‘धागों से बांधा’
साल 2022 में रिलीज हुई फिल्म ‘रक्षाबंधन’ का गाना ‘धागों से बांधा’ भाई-बहन के रिश्ते की खूबसूरती को बयां करता है. इस गाने को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है. गाने के बोल इरशाद कामिल ने लिखे हैं, जबकि संगीत हिमेश रेशमिया ने दिया है. रक्षाबंधन के मौके पर ये गाना भाई-बहन के प्यार और उनकी यादों को ताजा कर देता है.
ये भी पढ़ें:- सलमान खान ने कुकू कोहली के निधन पर जताया दुख, पत्नी अरुणा ईरानी को दी हिम्मत

