जीनत अमान ने एक बातचीत के दौरान प्यार, साथ और शादी को लेकर अपनी सोच सामने रखी. उन्होंने बताया कि उनके लिए किसी भी रिश्ते की सबसे बड़ी बात आपसी समझ और सच्चाई है. उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़े कुछ एक्सपीरियंस भी शेयर किए और बताया कि वक्त के साथ उनकी सोच में क्या बदलाव आया. उनकी कई बातें लोगों को सोचने पर मजबूर कर रही हैं. आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा.
हिंदी सिनेमा की दिग्गज एक्ट्रेस जीनत अमान हमेशा से अपनी बेबाक सोच और अलग अंदाज के लिए पहचानी जाती रही हैं. वह हर मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखती हैं, फिर चाहे वह रिश्तों को लेकर हो, शादी को लेकर या फिर महिलाओं की आजादी को लेकर. एक बार मशहूर चैट शो ‘रेंडेजवस विद सिमी ग्रेवाल’ में बातचीत के दौरान उन्होंने लिव-इन रिलेशनशिप, शादी और रिश्तों की सच्चाई पर खुलकर अपनी राय रखी. उन्होंने रिश्तों को समाज के बनाए नियमों से अलग नजरिए से देखने की बात कही.
ये भी पढ़ें: ‘दृश्यम 3′ का दुनियाभर में धमाका, मोहनलाल की फिल्म ने 3 दिन में क्रॉस किया 100 करोड़ का आंकड़ा

क्यों दोबारा शादी नहीं करना चाहतीं जीनत अमान?
शो के दौरान होस्ट सिमी ग्रेवाल ने जब जीनत अमान से उनकी निजी जिंदगी और शादी को लेकर सवाल किया, तो एक्ट्रेस ने कहा कि वो दोबारा शादी नहीं करना चाहतीं.
जब सिमी ग्रेवाल ने उनसे पूछा कि क्या वो अकेले रहकर खुश हैं, तो जीनत अमान ने इस सवाल का बेहद अलग तरीके से जवाब दिया. उन्होंने कहा, ‘अकेला होने का मतलब सिर्फ शादीशुदा न होना नहीं है. कोई इंसान बिना शादी किए भी किसी के साथ गहरा और खूबसूरत रिश्ता निभा सकता है. रिश्ते की मजबूती शादी के कागजों से नहीं बल्कि दो लोगों की समझ और सम्मान से तय होती है.’
जीनत अमान ने कहा, ‘मैं खुद कभी दोबारा शादी नहीं करना चाहती हूं क्योंकि मेरा मानना है कि बिना शादी के भी दो लोग एक-दूसरे के साथ खुश रह सकते हैं. जब दो लोग अपनी मर्जी से साथ रहते हैं और एक-दूसरे को समझते हैं, तो वो रिश्ता ज्यादा सच्चा और मजबूत होता है. रिश्तों में मजबूरी नहीं बल्कि अपनापन होना चाहिए.’
जिंदगी ने सिखाई कई बातें
बातचीत के दौरान जीनत अमान ने अपनी जिंदगी के कुछ मुश्किल पल भी शेयर किए. उन्होंने बताया, ‘मेरी मां का निधन हो चुका है और मेरे पति मजहर खान भी इस दुनिया को छोड़कर जा चुके हैं. इन घटनाओं ने मुझे जिंदगी की असली सच्चाई समझाई. इस दुनिया में कुछ भी हमेशा के लिए नहीं रहता. जब जिंदगी ही हमेशा के लिए नहीं है तो फिर हम ये उम्मीद क्यों करते हैं कि हर रिश्ता हमेशा कायम रहेगा.’
सबसे जरूरी है खुद का साथ- जीनत अमान
जीनत अमान ने कहा, ‘बच्चे भी हमेशा माता-पिता के साथ नहीं रहते. वो भी बड़े होकर अपनी जिंदगी और अपने फैसलों के साथ आगे बढ़ जाते हैं. इंसान का सबसे मजबूत और भरोसेमंद रिश्ता खुद उसका अपना साथ होता है. अगर कोई व्यक्ति खुद के साथ खुश रहना सीख जाए, तो वो जिंदगी के हर दौर को बेहतर तरीके से संभाल सकता है.’
ये भी पढ़ें: वीकेंड पर घर बैठे हो रहे बोर, तो जियो हॉटस्टार पर देख डालिए 5 ट्रेंडिंग फिल्में और सीरीज
रिश्तों में दिल से जुड़ाव जरूरी…
जीनत अमान ने कहा, ‘जब कोई रिश्ता शादी, कानून, परंपरा और सामाजिक नियमों के दबाव से बंधा नहीं होता, तब उसमें ज्यादा ईमानदारी और सम्मान होता है. ऐसे रिश्तों में लोग एक-दूसरे के साथ इसलिए रहते हैं क्योंकि वो साथ रहना चाहते हैं, न कि इसलिए क्योंकि उन्हें साथ रहना पड़ रहा है.’
