Rice Water Benefits for Hair: बालों को लंबा, मजबूत और चमकदार बनाने के लिए लोग तरह-तरह के घरेलू नुस्खे अपनाते हैं. इन्हीं में से एक है चावल का पानी. सोशल मीडिया पर अक्सर दावा किया जाता है कि चावल का पानी लगाने से बाल तेजी से बढ़ते हैं और हेयर फॉल भी कम हो जाता है. हालांकि, यह पूरी तरह कोई जादुई उपाय नहीं है.
सही तरीके से इस्तेमाल करने पर यह बालों की देखभाल में मददगार साबित हो सकता है. आइए जानते हैं कि चावल का पानी बालों के लिए कितना फायदेमंद है और इसे यूज करने का सही तरीका क्या है.
क्या सच में चावल का पानी बालों के लिए फायदेमंद है?
चावल के पानी में अमीनो एसिड, कुछ विटामिन और मिनरल्स के साथ इनोसिटोल (Inositol) नाम का एक एलीमेंट पाया जाता है. यह बालों की बाहरी परत को मजबूत बनाने और उन्हें मुलायम महसूस कराने में मदद कर सकता है. कई लोगों को इसके इस्तेमाल से बालों में चमक और कम उलझने का अनुभव होता है.

चावल का पानी बनाने का सही तरीका
आधा कप चावल को अच्छी तरह धो लें.
अब इसमें 2 से 3 कप साफ पानी डालकर लगभग 30 मिनट के लिए छोड़ दें.
इसके बाद चावल को हल्का सा मसलें और पानी को छान लें.

चाहें तो इस पानी को 24 घंटे तक ढककर रख सकते हैं. हल्का फर्मेंट होने के बाद इसे फ्रिज में स्टोर करें और 2-3 दिन के भीतर इस्तेमाल कर लें.
Rice Water Benefits for Hair: बालों में कैसे करें इस्तेमाल?
सबसे पहले बालों को हल्के शैंपू से धो लें. इसके बाद चावल के पानी को धीरे-धीरे बालों और स्कैल्प पर लगाएं. 10- 20 मिनट तक हल्की मसाज करें और फिर 5 से 10 मिनट के लिए छोड़ दें. आखिर में सादे पानी से बाल धो लें. इसे सप्ताह में 1 से 2 बार इस्तेमाल करना काफी है.

किन बातों का रखें ध्यान?
हर दिन चावल का पानी लगाने की जरूरत नहीं होती.
अगर स्कैल्प बहुत ऑयली है या डैंड्रफ की समस्या है, तो पहले पैच टेस्ट करें.
ज्यादा देर तक चावल का पानी बालों में छोड़ने से कुछ लोगों के बाल रूखे महसूस हो सकते हैं.
अगर इस्तेमाल के बाद खुजली, जलन या एलर्जी महसूस हो, तो तुरंत इसका उपयोग बंद कर दें.
क्या सिर्फ चावल का पानी ही काफी है?
स्वस्थ बालों के लिए सिर्फ एक घरेलू नुस्खा काफी नहीं होता. बैलेंस्ड फूड, पर्याप्त प्रोटीन, आयरन, अच्छी नींद और स्ट्रेस को कम रखना भी उतना ही जरूरी है. साथ ही बार-बार हीट स्टाइलिंग और हार्ड केमिकल वाले प्रोडक्ट्स के यूज से बचना चाहिए.
यह भी पढ़ें: स्ट्रेटेनर और कर्लर का यूज करते समय रखें इन बातों का ध्यान, नहीं तो बाल हो सकते हैं खराब

