Gardening Tips: आजकल बड़े शहरों में ज्यादातर लोग फ्लैट में रहते हैं. फ्लैट की बालकनी अक्सर छोटी होती है, इसलिए लोग सोचते हैं कि वहां ज्यादा कुछ नहीं किया जा सकता. लेकिन सही पौधे चुनकर आप छोटी-सी बालकनी को भी सुंदर बना सकती है. ऐसे कई फूलों वाले पौधे हैं, जो कम जगह में अच्छे से बढ़ते हैं और देखने में भी बहुत अच्छे लगते हैं. आइए जानते हैं ऐसे 3 पौधों के बारे में, जिन्हें आप अपनी बालकनी में आसानी से लगा सकती हैं.
1. जैस्मीन (चमेली)

अगर आपको फूलों के साथ अच्छी खुशबू भी पसंद है, तो जैस्मीन का पौधा लगा सकती हैं. एक बार पौधा अच्छी तरह बढ़ जाए, तो इसमें खूब सफेद फूल आते हैं और उनकी खुशबू पूरे आसपास फैल जाती है. इसे धूप और समय-समय पर पानी मिलता रहे, तो यह अच्छी तरह बढ़ता है और बालकनी का लुक भी बदल देता है.
2. पोर्टुलाका (Moss Rose)

अगर आप कम जगह में ज्यादा फूल चाहती हैं, तो पोर्टुलाका अच्छा विकल्प हो सकता है. यह पौधा ज्यादा ऊंचा नहीं बढ़ता, लेकिन इसमें एक साथ कई फूल खिलते हैं. गुलाबी, लाल, पीले, सफेद और नारंगी जैसे कई रंगों में मिलने वाला यह पौधा बालकनी को बहुत सुंदर बना देता है. इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इसे ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती. धूप मिलने पर यह अच्छी तरह बढ़ता है और लंबे समय तक फूल देता रहता है.
3. विंका (सदाबहार)

विंका, जिसे सदाबहार भी कहा जाता है, बालकनी के लिए एक अच्छा पौधा माना जाता है. इसमें गुलाबी, सफेद, बैंगनी और हल्के लाल रंग के फूल आते हैं, जो पूरे कोने को रंगीन बना देते हैं. यह पौधा ज्यादा जगह भी नहीं लेता और सही देखभाल मिलने पर लंबे समय तक फूल देता रहता है. अगर आप कम मेहनत में सुंदर बालकनी चाहती हैं, तो इसे लगा सकती हैं.
इन पौधों को भी कर सकती हैं शामिल
अगर आपके पास थोड़ी और जगह है, तो गेंदा और मोगरा जैसे पौधे भी लगा सकती हैं, हालांकि इन पौधों में फूल आने में थोड़ा ज्यादा समय लग सकता है. सही धूप, पानी और देखभाल मिलने पर ये भी आपकी बालकनी की खूबसूरती बढ़ा सकते हैं.
बालकनी में पौधे लगाते समय रखें इन बातों का ध्यान
- ऐसे गमले चुनें जिनमें पानी आसानी से निकल सके.
- पौधों को रोज कुछ घंटे धूप जरूर मिले.
- जरूरत के हिसाब से ही पानी दें.
- सूखे पत्तों और पुराने फूलों को समय-समय पर हटा दें.
- पौधों में महीने में एक-दो बार जैविक खाद डालें.
यह भी पढ़ें: बारिश में सबसे आसानी से उगती हैं ये 5 सब्जियां, छत या बालकनी में भी मिलेगा शानदार रिजल्ट


