बदरीनाथ धाम में दान के चढ़ावे में हेराफेरी की जांच कर रही पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कर्मचारी मोबाइल के नीचे गड्डी लेकर गणना कक्ष से बाहर आता दिख रहा है।
पुलिस टीम शुक्रवार शाम करीब चार बजे बदरीनाथ मंदिर पहुंची। टीम ने गणना कक्ष का बारीकी से निरीक्षण किया और करीब दो घंटे तक मंदिर में पड़ताल की। यहां लगे सीसीटीवी कैमरों की संख्या, उनकी दिशा और गणना कक्ष से बाहर जाने वाले रास्तों पर लगे कैमरों की जानकारी जुटाई।
इसके बाद कंट्रोल रूम में घटना वाले दिन की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। अलग-अलग कैमरों की फुटेज देखने के बाद एक कैमरे में आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल दो जुलाई की सुबह 9 बजकर 34 मिनट पर गणना कक्ष से बाहर आता दिखाई दिया। उसके हाथ में मोबाइल के नीचे नोटों की गड्डी जैसी वस्तु नजर आ रही है।
पुलिस ने बीकेटीसी के उन कर्मियों से भी पूछताछ की, जो घटना वाले दिन गणना कक्ष में मौजूद थे। उस दिन ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए गए। अन्य कर्मचारियों से भी जानकारी ली गई। वहीं बीकेटीसी की ओर से गठित जांच समिति ने भी शुक्रवार को मामले की जांच जारी रखी।


