
Mango Bhapa Doi Recipe: गर्मियों का मौसम आते ही हर तरफ फलों के राजा आम की बहार आ जाती है. आम से बनी चीजें हर किसी को पसंद होती हैं. अगर आप भी इस समर सीजन में आम के साथ कुछ नया और मजेदार ट्राई करना चाहते हैं, तो बंगाल की फेमस ‘मैंगो भापा दोई’ एक बेस्ट ऑप्शन है. बंगाली मिठाइयों की बात ही निराली होती है, और जब मिष्टी दोई में आम का ट्विस्ट मिल जाए, तो स्वाद दोगुना हो जाता है. कोलकाता और बंगाल के शहरों में इन दिनों यह ट्रेडिशनल आम दोई खूब पसंद की जा रही है.
क्या होती है मैंगो भापा दोई की खासियत?
मैंगो भापा दोई की सबसे बड़ी खासियत इसका टेक्सचर है. यह खाने में बेहद सिल्की, स्मूथ और क्रीमी होती है. जैसा कि इसके नाम ‘भापा’ से ही पता चलता है, इसे भाप की मदद से पकाया और जमाया (Mango Bhapa Doi Recipe) जाता है. आम के नेचुरल फ्लेवर से भरपूर इस ठंडी-ठंडी मिठाई को जो भी एक बार चखता है, वो इसका दीवाना हो जाता है. अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा तामझाम की जरूरत नहीं पड़ती है.
Mango Bhapa Doi Recipe: रेसिपी के लिए जरूरी चीजें
घर पर हलवाई जैसी परफेक्ट मैंगो भापा दोई बनाने के लिए आपको नीचे दी गई कुछ आसान सामग्रियों की जरूरत होगी.
- दही: 750 ग्राम
- आम का पल्प या गूदा: 1 कप
- कंडेंस्ड मिल्क: 3/4 कप
- इलायची पाउडर: आधा छोटा चम्मच
- बारीक कटे आम के टुकड़े: आधा कप (सजाने के लिए)
- कटे हुए मिक्स ड्राई फ्रूट्स: 2 बड़े चम्मच (सजाने के लिए)
Mango Bhapa Doi Recipe: मैंगो भापा दोई बनाने का प्रोसेस
स्टेप 1: दही का पानी अलग करने का तरीका
भापा दोई बनाने का सबसे पहला और जरूरी नियम यह है कि दही में बिल्कुल भी पानी नहीं होना चाहिए. इसके लिए एक बड़े बर्तन के ऊपर छन्नी रखें और उस पर एक साफ सूती या मसलिन का कपड़ा बिछा दें. अब इसमें दही डालकर कपड़े को अच्छी तरह लपेट दें. इसके ऊपर कोई भारी चीज रख दें और 4 से 5 घंटे के लिए फ्रिज में छोड़ दें. इससे दही का सारा एक्स्ट्रा पानी निकल जाएगा और आपको एकदम गाढ़ा चक्का दही (Hung Curd) मिल जाएगा.
स्टेप 2: ऐसे तैयार करें मैंगो-दही का गाढ़ा मिक्सचर
अब पके हुए मीठे आम के टुकड़ों को मिक्सी में पीसकर बिना पानी या दूध मिलाए एक स्मूथ प्यूरी बना लें. एक अलग बड़े बर्तन में गाढ़े दही और आम के पेस्ट को विस्कर की मदद से अच्छी तरह फेंट लें ताकि इसमें कोई गांठ न रहे. अब इस मिक्स्चर में कंडेंस्ड मिल्क और स्वाद के लिए इलायची पाउडर डालें. इन सभी चीजों को एक बार फिर से अच्छी तरह मिला लें.
स्टेप 3: बर्तन को सेट करना और स्टीम देना
अब एक बेकिंग टिन या कोई भी गहरा स्टील का बर्तन लें. इसे थोड़े से घी या तेल से ग्रीस कर लें और नीचे बटर पेपर लगा दें. तैयार किए गए गाढ़े मिक्सचर (Mango Bhapa Doi Recipe) को इस बर्तन में डालें और ऊपर से बराबर कर लें. अब इस बर्तन को एल्युमिनियम फॉयल पेपर से अच्छी तरह चारों तरफ से ढक (सील) दें ताकि भाप का पानी अंदर न जा सके. इडली कंटेनर या किसी गहरे बर्तन के निचले हिस्से में पानी गर्म करें. जब पानी उबलने लगे, तो छेद वाली प्लेट पर इस टिन को रखें और ढक्कन बंद करके मध्यम आंच पर 20 मिनट तक स्टीम होने दें.
स्टेप 4: फ्रिज में ठंडा करें और ऐसे परोसें
20 मिनट बाद गैस बंद कर दें और बर्तन को बाहर निकालकर नॉर्मल टेम्परेचर पर ठंडा होने दें. इसके बाद इसे सेट होने के लिए कम से कम 3 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. फ्रिज से निकालने के बाद एक चाकू से किनारे को ढीला करें और प्लेट पर बर्तन को उल्टा करके इसे डी-मोल्ड कर लें. अब इसके ऊपर बारीक कटे आम के टुकड़े और ड्राई फ्रूट्स सजाकर ठंडी-ठंडी मैंगो भापा दोई सबको सर्व करें.
Mango Bhapa Doi Recipe: परफेक्ट भापा दोई के लिए 2 जरूरी टिप्स
दही का चुनाव: ध्यान रखें कि दही ज्यादा खट्टा न हो. अगर दही खट्टा होगा तो कंडेंस्ड मिल्क मिलाने के बाद भी मिठाई का स्वाद बिगड़ सकता है. हमेशा ताजे दही का ही यूज करें.
फॉयल पेपर है जरूरी: बेकिंग टिन को फॉयल पेपर से कसकर ढकना बहुत जरूरी है. अगर भाप का पानी थोड़ा भी दही के ऊपर गिर गया, तो दोई का सिल्की टेक्सचर खराब हो जाएगा.
यह भी पढ़ें: सिर्फ 15 मिनट की मेहनत में तैयार हो जाएगी यह लाजवाब मैंगो मूस, स्वाद ऐसा कि बच्चे-बड़े सभी हो जाएंगे फैन
The post आइसक्रीम भूल जाएंगे! घर पर इस आसान तरीके से बनाएं बंगाल की फेमस 'मैंगो भापा दोई' appeared first on Prabhat Khabar.

