भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का एशियन गेम्स के फाइनल में ईरान से सामना हो रहा है। गत चैंपियन भारतीय टीम का पूरे टूर्नामेंट में प्रदर्शन शानदार रहा है और अब वह स्वर्ण जीतने से एक कदम दूर है। भारत ने महिला कबड्डी में स्वर्ण जीता है और अब पुरुषों से भी ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद है। दोनों टीमों के बीच शुरुआत में बराबरी का मुकाबला चल रहा है। पहले हाफ में ईरान ने बाजी मारी और मामूली बढ़त हासिल की। अब दूसरे हाफ का खेल जारी है और भारत ने इसमें जोरदार वापसी की है।

पहले हाफ में करीबी रहा मुकाबला
भारत और ईरान के बीच पहले हाफ में मुकाबला करीबी रहा। ईरान ने शुरुआत में आक्रमकता दिखाई, लेकिन भारत ने भी वापसी की। भारत हालांकि, लय को बरकरार नहीं रखा और ईरान के खिलाड़ियों ने दबाव बनाया। इस दौरान भारत ने सुपर टैकल से अंक बटोरे और ईरान पर बढ़त हासिल की। भारत इस बढ़त को ज्यादा देर बरकरार नहीं रख सका क्योंकि ईरान ने भारत को ऑलआउट किया और चार अंक बटोरे। इस तरह ईरान को 14-13 की बढ़त मिली। ऑलआउट के बाद भारत ने वापसी करने की कोशिश की, लेकिन पहला हाफ खत्म होने तक ईरान 18-17 की मामूली बढ़त लेने में सफल रहा।
भारत की जोरदार वापसी
भारतीय टीम ने दूसरे हाफ में जोरदार वापसी की है। पहले हाफ में पिछड़ने के बाद ईरान के खिलाफ आक्रामक खेल दिखाया और ईरान की टीम को ऑलआउट कर बढ़त हासिल की। मैच खत्म होने में जब 10 मिनट शेष था तो भारत ने ईरान पर पांच अंकों की बढ़त ली हुई थी। भारत की वापसी से ईरानी खेमा चिंतित नजर आया। भारत ने देखते ही देखते अपनी बढ़त को मजबूत किया। भारतीय टीम ने इस लय को बरकरार रखा और लगातार ईरान पर दबाव बढ़ाते रहे। असलम ने अंतिम क्षणों में शानदार प्रयास किया। ईरान ने उनके लिए घेरा बनाया हुआ था, लेकिन उन्होंने बड़ी चतुराई से इस खतरे को पार किया। भारत ने इस तरह ईरान पर नौ अंकों की बढ़त ले ली।
