डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान के पिकएक्स माउंटेन के नीचे बने परमाणु ठिकाने पर जल्द हमला कर सकता है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि वॉशिंगटन हर गतिविधियों पर बारीकी से नजर रख रहा है. ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने ईरान के खिलाफ महीनों से चल रहे अमेरिकी सैन्य अभियान का बचाव किया और कहा कि इसका मुख्य मकसद तेहरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकना था.
ट्रंप ने कहा, “हमें पांच महीने हो चुके हैं और जानते हैं हमने इन पांच महीनों में क्या किया? हमने यह पक्का किया कि उनके पास परमाणु हथियार न हो.” उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उस जगह पर कोई गतिविधि दिखी, तो अमेरिका ‘पिकएक्स माउंटेन’ को निशाना बना सकता है.
कहां है पिकएक्स
ट्रंप ने कहा, “हमें पता है कि पिकएक्स में कौन-कौन आ-जा रहा है, और पूरे ईरान में कौन-कौन कहां घूम रहा है. अगर कुछ भी गड़बड़ हुई तो हम उन पर हमला करेंगे और जोरदार हमला करेंगे.” पिकएक्स माउंटेन ईरान की बुरी तरह क्षतिग्रस्त नतांज यूरेनियम-एनरिचमेंट फैसिलिटी के पास है और माना जाता है कि वहां जमीन के बहुत नीचे 2 सुरंग बनी हुई हैं.
माना जाता है कि इस जगह के जमीन के नीचे बने होने के कारण हवाई हमलों से इसे सुरक्षा मिलती है. ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट के मुताबिक इजरायली इंटेलिजेंस का मानना है कि ईरान ने हजारों सेंट्रीफ्यूज को जमीन के बहुत नीचे बनी इस सुविधा वाली जगह पर पहुंचा दिया था. इसलिए इस जगह पर अमेरिकी हमला ईरान के परमाणु इंफ्रास्ट्रक्चर के खिलाफ वॉशिंगटन की मुहिम में बड़ी तेजी ला सकता है.
ईरान पर कार्रवाई का ट्रंप ने किया बचाव
ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सैन्य दखल ने एक बड़े क्षेत्रीय संघर्ष को रोक दिया है. उनका तर्क था कि अगर वॉशिंगटन ने कार्रवाई न की होती, तो ईरान इजरायल, यूरोप और अमेरिका के लिए और भी बड़ा खतरा बन जाता. ट्रंप ने कहा, “अगर हम वहां नहीं जाते, तो आज न तो इजरायल होता, न ही मिडिल ईस्ट होता. वे शायद इसके बाद यूरोपीय शहरों और हमारे शहरों पर हमला करते.”
ये भी पढ़ें
क्यों चूक रहा US का निशाना? ईरान में घरों पर कैसे गिरे बम, पूरी स्टोरी


