झारखंड के लातेहार में सड़क हादसे के बाद कंटेनर के नीचे दबे टेंपो और बाइक को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद ली गई। हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। इस हादसे में छह लोगों की मौत हुई है। जबकि एक शख्स घायल है।
जानकारी के अनुसार, टेंपो सवार लोग लातेहार थाना क्षेत्र के सांसंग के कोढ़ास क्षेत्र से लोहरदगा के चपरी जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हुआ, जिसमें टेंपो और बाइक कंटेनर के नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हाइड्रा मशीन की सहायता से कंटेनर को हटाकर उसके नीचे दबे टेंपो और बाइक को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

