पूरामुफ्ती के रसूलपुर मरियाडीह में एक ही जमीन को तीन बार बेचने के आरोप में माफिया अतीक अहमद के करीबियों के खिलाफ तीन एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि खतौनी में फर्जी नाम दर्ज दिखाकर 1.1640 हेक्टेयर जमीन के बैनामे किए गए। पुलिस आयुक्त के आदेश पर पूरामुफ्ती थाने में अबू तैयबा, अब्दुल माजिद, अबू लैश, अहमद शाद और शैहबाज को नामजद किया गया है।
एफआईआर के मुताबिक, तहसील सदर के मौजा रसूलपुर मरियाडीह में 1.1640 हेक्टेयर जमीन है। मीरापुर के नेहरू नगर निवासी विवेक सिन्हा ने आरोप लगाया कि उन्होंने 20 सितंबर 2023 को जमीन का बैनामा कराया था। बार-बार कहने के बावजूद खतौनी में नाम दर्ज नहीं हुआ। बाद में खतौनी निकलवाने पर फर्जीवाड़े की जानकारी हुई। वहीं, प्रीतम नगर निवासी ऋतु कपूर का आरोप है कि अबू तैयबा और अब्दुल माजिद ने 20 सितंबर 2023 को इस जमीन को 20.09 लाख रुपये में बैनामा किया। बाद में खतौनी में नाम दर्ज कराने के नाम पर टालमटोल करते।
छानबीन में जुटी पुलिस
आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर धमकी दी गई। कीडगंज निवासी उमा देवी का आरोप है कि इसी जमीन का 10 मई 2024 को बैनामा कराया था। उनके नाम खतौनी में नाम दर्ज नहीं हुआ। जानकारी करने पर पता चला कि बैनामा करने वालों के पास जमीन बेचने का अधिकार ही नहीं था। पीड़ितों ने बताया कि अगस्त 2026 अबू तैयबा व अबू लैश के खिलाफ ठेकेदार अंकित कक्कड़ की ओर से अगस्त में धूमनगंज थाने में पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज होने का भी उल्लेख शिकायत में किया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाने के साथ तीनों बैनामों और राजस्व अभिलेखों का मिलान कर रही है। पूरामुफ्ती थाना प्रभारी शांतनु सिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।