क्रिकेट की दुनिया ने शुक्रवार को अपना एक ऐसा सितारा खो दिया, जिसकी चमक शायद कभी फीकी नहीं पड़ेगी। वेस्टइंडीज के महान ऑलराउंडर सर गारफील्ड ‘गैरी’ सोबर्स का शुक्रवार को 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्हें सिर्फ एक महान बल्लेबाज या गेंदबाज नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास का सबसे कम्प्लीट क्रिकेटर माना जाता है।
महान ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन ने उन्हें कभी ‘फाइव-इन-वन क्रिकेटर’ कहा था। वजह भी साफ थी, वह विश्वस्तरीय बल्लेबाज थे, बाएं हाथ से फास्ट-मीडियम गेंदबाजी कर सकते थे, ऑर्थोडॉक्स स्पिन डाल सकते थे, चाइनामैन (लेफ्ट-आर्म रिस्ट स्पिन) भी फेंकते थे और फील्डिंग में भी अद्भुत थे। क्रिकेट के इतिहास में इतने गुण एक ही खिलाड़ी में शायद ही कभी देखने को मिले।