
बॉलीवुड में कई ऐसी दोस्तियां हैं, जिनकी शुरुआत किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही. सलमान खान और सुष्मिता सेन की दोस्ती भी कुछ ऐसी ही है. आज दोनों एक-दूसरे के अच्छे दोस्त हैं और एक-दूसरे के काम की खुलकर तारीफ करते हैं, लेकिन उनकी पहली मुलाकात काफी दिलचस्प और अजीब रही थी.
सुष्मिता ने दिया ऐसा रिएक्शन
ईटाइम्स को दिए एक पुराने इंटरव्यू में सलमान खान ने बताया था कि ये किस्सा ‘बीवी नंबर 1’ की शूटिंग के पहले दिन का है. सलमान ने कहा, ‘एक दिन मैं शूटिंग के पहले दिन सेट पर देर से पहुंचा. मैं करीब 11 बजे पहुंचा था और सुष्मिता सेन सुबह 9 बजे से वहां पहुंची हुई थीं. जैसे ही मैं सेट पर पहुंचा, मैंने कहा, ‘हाय सुष, कैसी हो? मैं सलमान हूं.’ ये पहली बार था जब मैं उनसे मिल रहा था. लेकिन उन्होंने सिर्फ हाथ मिलाया, हल्का सा रिएक्शन दिया और वहां से चली गईं.’

सलमान ने आगे बताया कि वो सुष्मिता के इस रिएक्शन से हैरान रह गए थे. उन्हें समझ नहीं आया कि पहली मुलाकात में ऐसा ठंडा रवैया क्यों मिला. इसके बाद उन्होंने निर्देशक डेविड धवन से मजाक में कहा, ‘यार, इसकी क्या समस्या है? ये मुझे इतना एटीट्यूड क्यों दिखा रही है?’ बाद में उन्हें पता चला कि सुष्मिता काफी देर से उनका इंतजार कर रही थीं और इसी वजह से वो थोड़ी नाराज थीं.
दोनों के बीच हैं अच्छा दोस्ती
बता दें कि सलमान और सुष्मिता की पहली मुलाकात फिल्म ‘बीवी नंबर 1’ के सेट पर हुई थी. उस समय सुष्मिता सेन मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने के बाद बॉलीवुड में अपनी पहचान बना रही थीं, वहीं सलमान खान इंडस्ट्री के सबसे पॉपुलर सितारों में से एक थे. शूटिंग के समय दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और गलतफहमी धीरे-धीरे खत्म हो गई. काम करते-करते दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई. दोनों ने ‘बीवी नंबर 1’ के अलावा दोनों ‘तुमको ना भूल पाएंगे’ और ‘मैंने प्यार क्यों किया’ जैसी फिल्मों में भी साथ काम किया हैं. वहीं जब सुष्मिता की वेब सीरीज ‘आर्या 2’ रिलीज हुई थी, तब सलमान ने सोशल मीडिया पर उनकी तारीफ करते हुए लिखा था, ‘अरे वाह सुष, तुम बहुत शानदार लग रही हो. कमाल कर रही हो. तुम्हारे लिए बहुत खुश हूं.’
