एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर पति जहीर इकबाल संग कुछ फोटोज शेयर की हैं. फोटोज में कपल के घर में लगी पेंटिंग ने लोगों का ध्यान खींच लिया है.
एक्ट्रेस के घर में लगी इस खूबसूरत पेंटिंग पर गायत्री मंत्र और कलमा का संगम है. ये पेंटिंग एक्ट्रेस को गिफ्ट में मिली है.
सोनाक्षी ने इसके पीछे की कहानी भी बताई. सोनाक्षी सिन्हा ने इस खास पेंटिंग की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ‘जब हमारी शादी हुई थी, उस समय पंडित जी गायत्री मंत्र का जाप कर रहे थे और उसी वक्त हमारे घर तक अज़ान की आवाज़ भी पहुंची थी.’
उन्होंने आगे बताया, ‘एक दिन हम ऑस्ट्रेलिया में छुट्टियां मना रहे थे, तभी शुभिका शर्मा का फोन आया. उन्होंने कहा कि वो हमारी शादी के लिए एक खास पेंटिंग गिफ्ट करना चाहती हैं. जब उन्होंने अपनी सोच बताई, तो लगा जैसे उन्होंने हमारे दिल की बात पढ़ ली हो.’
सोनाक्षी ने बताया कि इसके बाद उनकी मुलाकात कलाकार आदिल अबेदी से कराई गई. उन्होंने घर आकर उनकी भावनाओं और सोच को समझा और फिर उसे बेहद खूबसूरती से कैनवास पर उतार दिया.
उन्होंने आगे लिखा, ‘ये खूबसूरत पेंटिंग, जिसमें गायत्री मंत्र और कलमा का संगम है, हमारे घर की शोभा बढ़ा रही है. मुझे पूरा यकीन है कि ये हमारे जीवन में और भी ज्यादा खुशियां, प्यार और सुकून लेकर आएगी.’
बता दें, सोनाक्षी सिन्हा ने एक्टर जहीर इकबाल से शादी की है。 दोनों ने 23 जून 2024 को सात फेरे लिए. शादी के बंधन में बंधने से पहले उन्होंने लगभग सात साल तक एक-दूसरे को डेट किया था.