भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने लंदन दौरे पर गये महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से शुक्रवार को शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच खेल ढांचे, खिलाड़ियों के विकास और महाराष्ट्र की प्रगति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। शिंदे कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, मुलाकात के दौरान शिंदे ने कोहली का पारंपरिक शॉल और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया तो वहीं कोहली ने ब्रिटेन यात्रा के दौरान तीन प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल करने पर शिंदे को बधाई दी।
बैठक में महाराष्ट्र में खेल सुविधाओं के विस्तार और ऐसी प्रतिभाओं को तैयार करने के लिए नीतिगत सुधारों पर चर्चा हुई, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने नवी मुंबई के पास प्रस्तावित स्पोर्ट्स सिटी की योजना की भी जानकारी दी। यहां कई खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित किए जाने की योजना है।
कोहली ने युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विश्वस्तरीय खेल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने वाली ऐसी पहलों में गहरी रुचि दिखाई। शिंदे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे ‘खेलो इंडिया’ जैसे राष्ट्रीय अभियानों का भी जिक्र किया और कहा कि ये पहल लाखों युवाओं को खेलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
बयान के अनुसार कोहली ने अपने क्रिकेट सफर का जिक्र करते हुए कहा कि क्रिकेट आज भी उनका जुनून है। उन्होंने भविष्य में संन्यास लेने के बाद भी खेल के लिए सार्थक योगदान देने की इच्छा जताई। कोहली ने युवा खिलाड़ियों को फिटनेस, पोषण और संतुलित आहार के महत्व के बारे में मार्गदर्शन देने की अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। इस मुलाकात के दौरान युवा सेना के महासचिव राहुल कनाल और उपमुख्यमंत्री के वरिष्ठ सहयोगी भी मौजूद रहे। शिंदे नौ सितंबर से लंदन दौरे पर हैं।
