पन्ना जिले में लगातार 48 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के चलते शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। कई निचली बस्तियों और घरों में बारिश का पानी घुस गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पन्ना की सड़कों पर पानी का सैलाब
पन्ना शहर की सड़कों पर जगह-जगह पानी का सैलाब नजर आ रहा है। हालात इतने खराब हैं कि कई मार्गों पर लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। शहर के बस स्टैंड इलाके में भी दूर-दूर तक पानी ही पानी नजर आ रहा है। सड़कें जलमग्न होने से वाहन चालकों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पन्ना जिले से बहने वाली नदियों में बाढ़ जैसे हालात
लगातार बारिश के कारण जिले से होकर बहने वाली बाघिन, पटने, केन और व्यारमा नदियों में भी जलस्तर तेजी से बढ़ा है। कई स्थानों पर नदियां उफान पर हैं और बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों में भी दहशत का माहौल है। बारिश का सबसे ज्यादा असर निचले इलाकों में देखने को मिल रहा है, जहां पानी घरों और रास्तों तक पहुंच गया है। लोग अपने जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर रखने की कोशिश कर रहे हैं। लगातार बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में भी आवागमन प्रभावित हुआ है।
ये भी पढ़ें- उज्जैन: सिंहस्थ 2028 में सेना की हाईटेक एंट्री, एआई कैमरे और एंटी-हैकिंग सिस्टम से होगी श्रद्धालुओं की सुरक्षा
प्रशासन ने निचली बस्तियों में अलर्ट जारी किया
वहीं, बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने निचली बस्तियों में अलर्ट जारी किया है। प्रशासन की ओर से लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की जा रही है। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचना देने को कहा गया है। मौसम के लगातार खराब रहने के चलते लोगों की चिंता बढ़ गई है। अगर बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो जिले के कई और इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात पैदा हो सकते हैं। फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।


