
Solo Travel: आज के समय में अकेले यात्रा करना सिर्फ घूमने का तरीका नहीं रह गया है. यह धीरे-धीरे एक लाइफस्टाइल बन रहा है. Gen Z और मिलियनेयल्स में सोलो ट्रैवल का क्रेज तेजी से बढ़ा है. इसके पीछे सिर्फ नई जगह देखने की इच्छा नहीं है. मानसिक शांति, खुद को समझना और अपनी पसंद से समय बिताना भी इसकी बड़ी वजह है.
इंस्टाग्राम रील से शुरू होती है ट्रिप
कई लोगों की सोलो ट्रिप की शुरुआत टिकट बुक करने से पहले इंस्टाग्राम रील से होती है. किसी पहाड़ी रास्ते की रील दिखी, किसी समुद्र किनारे का कैफे पसंद आया या किसी ट्रैवल क्रिएटर ने अकेले घूमने का अनुभव शेयर किया, तो अगली मंजिल तय हो जाती है. इसके बाद ट्रैवल रील्स सेव होती हैं. लोकेशन चेक होती है. बजट बनाया जाता है और बैग पैक हो जाता है.
अब हर जगह घूमना जरूरी नहीं
सोलो ट्रैवल में एक नया ट्रेंड स्लो ट्रैवल का है. यात्री कम जगहों पर ज्यादा समय बिताना चाहते हैं. कई लोग किसी एक शहर या शांत जगह पर एक-दो हफ्ते रुकते हैं. दिन में काम और शाम को लोकल बाजार, कैफे या आसपास की जगहों की सैर. यानी ट्रैवल के साथ वर्केशन का कॉम्बिनेशन भी बढ़ रहा है.
महिलाओं में भी बढ़ा अकेले सफर का भरोसा
सोलो फीमेल ट्रैवल भी सोशल मीडिया पर तेजी से दिखाई दे रहा है. महिलाएं अब अकेले ट्रिप की तैयारी, होटल, बजट, सुरक्षा और यात्रा के अनुभव की रील बनाकर दूसरी महिलाओं को भी जानकारी दे रही हैं. हालांकि किसी भी जगह को 100 प्रतिशत सुरक्षित मानना ठीक नहीं है. अकेले सफर में स्थानीय नियम, मौसम, परिवहन और रात में आवाजाही जैसी बातों का ध्यान रखना जरूरी है.

अकेले निकलिए, लेकिन अकेले रहना जरूरी नहीं
सोलो ट्रैवल का मतलब पूरे सफर में अकेले रहना नहीं है. बैकपैकर हॉस्टल और सोशल स्टे में अलग-अलग शहरों से आए यात्रियों से मुलाकात हो जाती है. कई बार अनजान लोग ही कुछ घंटों में ट्रैवल पार्टनर बन जाते हैं. यही अनुभव सोलो ट्रैवल को और खास बनाता है.
भारत में कहां जाएं?
पहली सोलो ट्रिप के लिए ऋषिकेश एक लोकप्रिय विकल्प है. यहां योग, गंगा, पहाड़ और एडवेंचर एक्टिविटीज का मेल मिलता है. शांत समुद्र और कैफे पसंद हैं तो साउथ गोवा का रुख किया जा सकता है. पहाड़ और तिब्बती संस्कृति पसंद करने वालों के लिए मैक्लोडगंज आकर्षक विकल्प है. इतिहास और फोटोग्राफी पसंद है तो हम्पी एक अलग अनुभव देता है. वहीं केरल का वरकला समुद्र, क्लिफ और कैफे कल्चर के कारण युवाओं को आकर्षित करता है.
पहली इंटरनेशनल सोलो ट्रिप कहां?
देश से बाहर पहली बार अकेले जाने वालों के बीच जापान, वियतनाम और थाईलैंड जैसे देश लोकप्रिय हैं. जापान की मजबूत पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था इसे घूमने के लिहाज से सुविधाजनक बनाती है. वियतनाम भारतीय यात्रियों के बीच बजट ट्रैवल और खूबसूरत प्राकृतिक जगहों के कारण लोकप्रिय है. थाईलैंड में बैकपैकिंग, स्ट्रीट फूड और पर्यटन सुविधाओं की अच्छी उपलब्धता इसे युवाओं के बीच पसंदीदा बनाती है.
रील के पीछे की असली कहानी
इंस्टाग्राम पर सोलो ट्रैवल की रील में अक्सर पहाड़, सड़क, ट्रेन की खिड़की, समुद्र और कॉफी का कप दिखाई देता है. लेकिन उस 30 सेकंड की रील के पीछे अकेले रास्ता चुनने का आत्मविश्वास भी होता है. शायद यही वजह है कि सोलो ट्रैवल अब सिर्फ किसी जगह पहुंचने की कहानी नहीं है. यह खुद के साथ कुछ दिन बिताने, अपनी गति से दुनिया देखने और लौटकर खुद को थोड़ा बेहतर समझने का सफर भी बन चुका है.
यह भी पढ़ें: सस्ते से सस्ते कपड़े पहनकर भी दिखना है स्टाइलिश और एलिगेंट? शॉपिंग करते समय बस इन बातों का रखें ख्याल
The post एक बैग, एक कैमरा और अनजान रास्ते, Gen Z में क्यों बढ़ रहा सोलो ट्रैवल का क्रेज appeared first on Prabhat Khabar.

