पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पूर्व पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ ने 52 साल की उम्र में दूसरी शादी कर ली है. उन्होंने आयरिश-ऑस्ट्रेलियाई फाइनेंसर कैमरन ओ रेली से शादी की है. जेमिमा के भाई बेन गोल्डस्मिथ ने उनकी शादी की पुष्टि की है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर दोनों की तस्वीर पोस्ट कर लिखा, ‘कितनी खुशी का दिन है.’ कैमरन और जेमिमा लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और बीते एक साल से दोनों डेट कर रहे थे.
9 साल चला इमरान-जेमिमा का रिश्ता
जेमिमा और इमरान खान की शादी साल 1995 में हुई. 9 साल बाद 2004 में दोनों ने अलग होने का फैसला किया और 2005 में उनका तलाक हुआ. उनके दो बेटे भी हैं, जिनका नाम सुलेमान और कासिम है. वे इमरान खान पर पाकिस्तान में हो रहे जुल्म के खिलाफ सार्वजनिक तौर पर आवाज उठाते हैं. जेमिमा गोल्डस्मिथ खुद भी कई बार इमरान खान के लिए आवाज उठा चुकी हैं. उन्होंने पिछले महीने इसे मानवाधिकार आपातकाल बताया था और ब्रिटेन में बेटों के द्वारा चलाए जा रहे अभियान का समर्थन किया था.
इमरान खान के लिए आवाज उठाती रही हैं जेमिमा
जेमिमा गोल्डस्मिथ ने ब्रिटेन के साथ इमरान खान के संबंधों को जोड़ते हुए कहा था, ‘उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई की. वहां क्रिकेट खेला और बाद में कई वर्षों तक इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेला.’ इस दौरान जेमिमा ने इमरान खान की ओर से संचालिच फ्री कैंसल अस्पताल और एक यूनिवर्सिटी की स्थापना का भी जिक्र किया था. उन्होंने कहा कि उनके बेटे हजारों मील से अपने पिता के बिगड़ते स्वास्थ्य को लेकर आवाज उठा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके बेटे को पिता से मिलने नहीं दिया जा रहा है और गिरफ्तारी की धमकी दी गई थी.
इमरान खान से तलाक होने के बाद जेमिमा का नाम कई ब्रिटिश के कई चर्चित हस्तियों के साथ जुड़ा. जेमिमा और कैमरन दोनों की दिलचस्पी फिल्मों और डॉक्यूमेंट्री में थी. इसी काम के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी. जेमिमा इंस्टिंक्ट प्रोडक्शंस की फाउंडर हैं. उन्होंने कई टेलीविजन और फिल्म प्रोजेक्ट पर काम किया है. उन्होंने द न्यू स्टेट्समैन और वैनिटी फेयर जैसे पब्लिकेशन्स के साथ भी काम किया है. सालों से वह मानवाधिकार मुद्दों पर मुखर रही हैं.
कैमरन ओ’रेली कौन हैं?
62 साल के कैमरन दिवंगत मीडिया कारोबारी और पूर्व इंटरनेशनल रग्बी खिलाड़ी सर एंथनी ओ’रेली के बेटे हैं. उनके पास आयरिश और ऑस्ट्रेलियाई नागरिकता है. उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी करने के बाद फाइनेंस के क्षेत्र में करियर शुरू किया. बाद में उन्होंने अपने पिता की मीडिया कंपनी इंडिपेंडेंट न्यूज एंड मीडिया में काम किया. इसके बाद वह ऑस्ट्रेलियाई मीडिया कंपनी एपीएन न्यूज एंड मीडिया में काम करने चले गए, जहां उन्होंने साल 2000 तक CEO पद की जिम्मेदारी संभाली.
इसके बाद कैमरन ने प्राइवेट इक्विटी में कदम रखा. 2003 में उन्होंने बेयार्ड कैपिटल की स्थापना की, जो टेक्नोलॉजी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर से संबंधित बिजनेस में अपना पैसा लगाता है. इसके जरिए उन्होंने स्विट्जरलैंड की मीटरिंग कंपनी लैंडिस+जीवाईआर का अधिग्रहण किया. कंपनी के CEO के तौर पर उन्होंने साल 2011 में इसे Toshiba को करीब 2.3 अरब डॉलर में बेच दिया. उनकी पिछली पत्नी इल्से ओ’रेली से उनके चार बच्चे हैं. करीब 20 साल से साथ रहने के बाद दोनों 2022 में अलग हो गए.

