काजोल का नाम हिंदी सिनेमा की दिग्गज अदाकाराओं में लिया जाता है. साल 1992 में उन्होंने डेब्यू किया था और अब तक वो बॉलीवुड में एक्टिव हैं. बड़े पर्दे पर उनकी जोड़ी को सबसे ज्यादा शाहरुख खान के साथ पसंद किया गया है. वहीं उन्होंने अपने पति अजय देवगन के साथ भी कई फिल्में की हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि दोनों एक्टर्स में से आखिर किसके साथ सिल्वर स्क्रीन पर उनकी जोड़ी ज्यादा हिट रही है? तो चलिए इस पर एक नजर डाल लेते हैं.
काजोल और शाहरुख खान की फिल्में
काजोल और शाहरुख खान दोनों ने ही बॉलीवुड में अपना डेब्यू साल 1992 में किया था. तब से लेकर अब तक दोनों 7 फिल्मों में साथ में काम कर चुके हैं. सबसे पहले ये जोड़ी 1993 की फिल्म ‘बाजीगर’ में नजर आई थी. इसका हिस्सा शिल्पा शेट्टी भी थीं. ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थी.

काजोल और शाहरुख ने इसके बाद दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, करण अर्जुन, कुछ कुछ होता है, कभी खुशी कभी गम, माय नेम इज खान और दिलवाले जैसी फिल्मों में भी स्क्रीन शेयर की थी. IMDb की रिपोर्ट के मुताबिक कुछ कुछ होता है और दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर साबित हुई थीं. वहीं कभी खुशी कभी गम ब्लॉकबस्टर निकली थी. माय नेम इज खान हिट और करण अर्जुन सुपरहिट रही. जबकि साल 2015 की फिल्म ‘दिलवाले’ को टिकट खिड़की पर एवरेज फिल्म का टैग मिला था.
काजोल और अजय देवगन की फिल्में
अब बात करते हैं काजोल और उनके पति अजय देवगन की साथ में की गई फिल्मों के बारे में. बता दें कि अजय और काजोल ने कुल 9 फिल्मों में स्क्रीन शेयर की है. जिस फिल्म के जरिए दोनों ने पहली बार स्क्रीन शेयर की थी उसका नाम है ‘हलचल’. ये फिल्म साल 1995 में रिलीज हुई थी और फ्लॉप साबित हुई थी.

इसके बाद काजोल और अजय देवगन ने साथ में गुंडाराज, इश्क, प्यार तो होना ही था, दिल क्या करे, राजू चाचा, यू मी और हम, टूनपुर का सुपरहीरो और तान्हाजी- द अनसंग वॉरियर जैसी फिल्में भी की थीं. इनमें से तान्हाजी ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी. इश्क और प्यार तो होना ही था सुपरहिट रहीं. जबकि बाकी फिल्में एवरेज और फ्लॉप रहीं.
ये भी पढ़ें: हार्दिक पांड्या ने माहिका शर्मा संग कर ली गुपचुप शादी? मांग में सिंदूर लगाए एक्ट्रेस की फोटो वायरल

