व्हाइट हाउस के बाहर सीक्रेट सर्विस चेकपॉइंट पर गोलीबारी करने वाले आरोपी की पहचान नसीरे बेस्ट के रूप में हुई है. न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, हमले के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन रिपोर्ट में बताया गया है कि बंदूकधारी मानसिक रूप से बीमार था.
रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी के सीक्रेट सर्विस चेकपॉइंट के आसपास मंडराने के कारण अधिकारियों से जान पहचान हो गई थी. जांचकर्ताओं का ये भी मानना है कि वह व्यक्ति खुद को भगवान यीशु मसीह का मॉर्डन अवतार मानता था. अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के मुताबिक शाम करीब 6 बजे संदिग्ध व्यक्ति सुरक्षा चेकपॉइंट के पास पहुंचा और अपने बैग से हथियार निकालकर वहां तैनात अधिकारियों पर फायरिंग शुरू कर दी. फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान करीब 30 राउंड फायरिंग हुई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
ट्रंप की हत्या की धमकी दी थी

नसीरे बेस्ट ने पहले भी अपने टिक टॉक वीडियो में राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या की धमकी दी थी. यह धमकी उसने 9 दिसंबर, 2025 को अपने टिक टॉक वीडियो में पोस्ट की थी. उसने कहा था कि अगर वह बटलर हत्याकांड का हमलावर होता तो ट्रंप मर चुके होते.
अदालत ने व्हाइट हाउस से दूर रहने को कहा था
इससे पहले अदालत ने बेस्ट के खिलाफ व्हाइट हाउस परिसर से दूर रहने का आदेश जारी किया था. हालांकि, खबरों के मुताबिक 21 वर्षीय बेस्ट ने इस आदेश का उल्लंघन किया. 24 मई (भारतीय समय अनुसार) सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने बेस्ट को 17वीं स्ट्रीट नॉर्थवेस्ट पर अजीबोगरीब हरकतें करते हुए देखा. उसने गन निकाली और गोलियां चलाईं, जिसके चलते एक राहगीर को गंभीर चोटें आईं.
क्या बोले काश पटेल?
सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने तुरंत जवाबी फायरिंग करके हमलावर नसीरे बेस्ट को काबू में कर लिया. बेस्ट घायल हो गया और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना को लेकर एफबीआई के डायरेक्टर काश पटेल ने कहा कि अधिकारी वर्तमान में मामले की जांच कर रहे हैं और सभी विवरण सामने आने पर लोगों के साथ साझा किए जाएंगे.
काश पटेल ने एक्स पर एक पोस्ट कर कहा कि एफबीआई घटनास्थल पर मौजूद है और व्हाइट हाउस परिसर के पास हुई गोलीबारी की घटना को लेकर सीक्रेट सर्विस का सहयोग कर रही है, जैसे ही हमें जानकारी मिलेगी, हम जनता को अपडेट करते रहेंगे.
ये भी पढ़ें
तेल, ईरान जंग और बिजनेस… पीएम मोदी और मार्को रुबियो के बीच किन मुद्दों पर हुई चर्चा?

