ईरान पर अमेरिका के ताजा सैन्य हमलों को लेकर चीन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव पर चिंता जताई है. बीजिंग ने साफ तौर पर कहा है कि क्षेत्र में तुरंत सैन्य कार्रवाई रोकी जानी चाहिए और सभी पक्षों को बातचीत के जरिए समाधान की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए. समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने संवाददाताओं से कहा कि चीन संबंधित सभी पक्षों से अपील करता है कि वे तत्काल सैन्य कार्रवाई बंद करें और वार्ता की मेज पर लौटें. उन्होंने जोर देकर कहा कि संघर्ष को बढ़ाने के बजाय कूटनीतिक प्रयासों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए.
वहीं, रायटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन ने यह भी कहा कि क्षेत्रीय सुरक्षा और संप्रभुता का सम्मान किया जाना बेहद जरूरी है. चीन का मानना है कि मौजूदा हालात में किसी भी तरह की सैन्य कार्रवाई से स्थिति और अधिक बिगड़ सकती है, जिसका असर पूरे पश्चिम एशिया और वैश्विक स्थिरता पर पड़ सकता है. चीन का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है और क्षेत्र में बड़े संघर्ष की आशंका गहराती जा रही है.

