सीतापुर शहर के शिवपुरी कॉलोनी स्थित समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक अनूप गुप्ता के मकान सहित आसपास के करीब 27 भवनों पर बुधवार दोपहर तहसील प्रशासन ने जिलाधिकारी न्यायालय से जारी नोटिस चस्पा कर दिया है। प्रशासन के अनुसार संबंधित भूमि के स्वामित्व को लेकर न्यायालय में मामला विचाराधीन है, इसलिए कब्जा धारकों को अपना पक्ष प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है।

नोटिस में लिखा है कि संबंधित लगभग 25 बीघा भूमि राजस्व अभिलेखों में ग्राम छावनी गोरा बारीक के नाम दर्ज है। इसी भूमि पर वर्तमान में करीब 27 मकान बने हुए हैं। जिलाधिकारी न्यायालय के आदेश पर तहसील प्रशासन ने सभी प्रभावित भवनों पर नोटिस चस्पा कर दिया है। नोटिस के अनुसार सभी भवन स्वामियों को 24 जुलाई तक जिलाधिकारी न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष और संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने होंगे।
एसडीएम सदर डॉ. जनार्दन ने बताया कि जिलाधिकारी न्यायालय के आदेश के बाद नियमानुसार प्रभावित क्षेत्र में नोटिस चस्पा किया है। सभी कब्जाधारकों को निर्धारित तिथि तक अपना पक्ष न्यायालय में प्रस्तुत करना होगा, जिसके बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई न्यायालय के निर्देशानुसार की जाएगी।
यह नोटिस गलत, दूंगा जवाब: अनूप गुप्ता
सपा के राष्ट्रीय सचिव अनूप गुप्ता ने नोटिस को गलत बताया है। कहा कि वह समय से पहले ही जिलाधिकारी न्यायालय में अपना जवाब दाखिल करेंगे। उन्होंने वर्ष 2004 में संबंधित भूमि की विधिवत रजिस्ट्री कराई थी। इसके बाद भूमि का दाखिल-खारिज भी हुआ और करीब तीन वर्ष पहले सक्षम प्राधिकारी से भवन का नक्शा स्वीकृत होने के बाद ही निर्माण कराया गया था। उनके पास सभी वैध दस्तावेज उपलब्ध हैं और वे न्यायालय में उन्हें प्रस्तुत करेंगे।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की यात्रा के स्वागत का लगाया था होर्डिंग
सपा के राष्ट्रीय सचिव अनूप गुप्ता ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की हो गौ रक्षार्थ यात्रा को लेकर कई होर्डिंग को लगाया था। इसकी राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा रही। इस कार्रवाई और यात्रा को एक साथ जोड़कर भी चर्चाओं का दौर जारी है।

