- घरेलू शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन चढ़ा, एशियाई बाजार भी मजबूत.
- माइक्रोन नतीजों से आईटी शेयरों में तेजी, अमेरिकी फ्यूचर्स मजबूत.
- कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट, अमेरिकी डॉलर चढ़ा.
Share Market Today on June 25: आज लगातार दूसरे दिन घरेलू शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला जारी है. एक तरफ सेंसेक्स 399 अंक उछलकर 77391 के लेवल पर खुला. वहीं, निफ्टी 50 भी 104 अंक चढ़कर 24125 के लेवल पर कारोबार की शुरुआत की.
आईटी शेयरों में तेजी
अमेरिकी चिपमेकर कंपनी Micron के शानदार नतीजे और क्वालकॉम (Qualcomm) के बेहतरीन अर्निंग आउटलुक को देखते हुए आज एशियाई बाजारों में बंपर उछाल आया. जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 3.37% तक चढ़ गया. इसका असर आज भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिला. आज भारतीय आईटी दिग्गजों- TCS, Infosys और Wipro के शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है.
एशियाई बाजार
आज एशियाई बाजारों में गजब की तेजी देखने को मिल रही है. अमेरिकी सेमीकंडक्टर कंपनी माइक्रोन (Microm) के शानदार नतीजे, चिप बनाने वाली कंपनी क्वालकॉम (Qualcomm) के ब्लॉकबस्ट अर्निंग आउटलुक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेक्टर में भारी डिमांड के दम पर एशियाई बाजारों में पिछले दो दिनों की गिरावट के बाद रिकवरी करते हुए मजबूती से ट्रेंड कर रहे हैं. इस दौरान जापान के निक्केई 225 इंडेक्स में 3.37% की बढ़त देखी जा रही है. दक्षिण कोरिया का कोस्पी भी 4.89%-5.5% तक उछल गया है. हैंगसेंग भी 0.3% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है. चीन का शंघाई कंपोजिट भी हरे निशान पर है.
वॉल स्ट्रीट
आज 25 जून को अमेरिकी फ्यूचर्स मार्केट में भी तेजी देखने को मिल रही है. S&P 500 फ्यूचर्स और Nasdaq 100 फ्यूचर्स में क्रमशः 0.5% और 1.9% की बढ़ोतरी हुई है. Dow Jones Industrial Average से जुड़े फ्यूचर्स में 29 पॉइंट्स, यानी 0.1% से भी कम की बढ़त देखी गई. अमेरिका में निवेशक आज और कल आने वाले महंगाई के आकंड़ों का बेसब्र से इंतजार कर रहे हैं. यह फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें तय करने का एक अहम पैमाना होगा.
कच्चे तेल की कीमत
आज अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है. आज ब्रेंट क्रूड करीब 1.52% टूटकर 72.40 डॉलर प्रति बैरल के लेवल पर आ गया है. वहीं, वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड 1.6% की कमजोरी के साथ 69.15-69.30 डॉलर प्रति बैरल के दायरे में कारोबार कर रहा है. अमेरिका और ईरान के बीच चल रही शांति वार्ता में प्रगति और होर्मुज (Strait of Hormuz) से जहाजों और टैंकरों की आवाजाही सामान्य होने के कारण कीमतों में बड़ी गिरावट देखी जा रही है.
अमेरिकी डॉलर
US डॉलर इंडेक्स (DXY) आज 0.05% चढ़कर 101.64 पर पहुंच गया है. यह इंडेक्स दुनिया की छह प्रमुख करेंसीज के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती या कमजोरी का आकलन करता है. इस बास्केट में ब्रिटिश पाउंड, यूरो, स्वीडिश क्रोना, जापानी येन, स्विस फ्रैंक जैसी मुद्राएं शामिल हैं. 24 जून को रुपया 0.08% मजबूत होकर डॉलर के मुकाबले 94.66 पर बंद हुआ था.
ये भी पढ़ें:

