राजस्थान में नगर निकाय चुनाव को लेकर तस्वीर अब साफ हो गई है। चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 9 सितंबर और दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को होगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। वहीं 14 सितंबर को मतगणना होगी। चुनाव के बाद नगर निकायों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया भी तय कर दी गई है। 21 सितंबर को अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा, जबकि 22 सितंबर को उपाध्यक्ष पद का चुनाव कराया जाएगा।
27 अगस्त से नामांकन शुरू
चुनाव को लेकर 27 अगस्त को अधिसूचना जारी की जाएगी। इसी दिन से प्रत्याशियों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके बाद चुनावी मैदान में उतरने वाले उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 3 सितंबर को नाम वापसी की अंतिम तारीख होगी। इसके बाद चुनावी मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी और प्रचार अभियान भी तेज होने की संभावना है।
पढे़ं: शिक्षक भर्ती परीक्षा में डमी कैंडिडेट बना साला, जीजा का फोटो बदलकर किया फर्जीवाड़ा, SOG ने दबोचा
नजर चुनावी तारीखों पर
- 27 अगस्त: अधिसूचना जारी, नामांकन शुरू
- 3 सितंबर: नाम वापसी
- 9 सितंबर: प्रथम चरण का मतदान
- 11 सितंबर: द्वितीय चरण का मतदान
- 14 सितंबर: मतगणना
- 21 सितंबर: अध्यक्ष का चुनाव
- 22 सितंबर: उपाध्यक्ष का चुनाव
चुनाव कार्यक्रम सामने आने के साथ ही नगर निकाय क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। संभावित प्रत्याशियों ने भी अपने-अपने वार्डों में संपर्क बढ़ाना शुरू कर दिया है।