इंडियन प्रीमियर लीग सीजन 19 (IPL 2026) का 68वां मैच आज लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा. इकाना स्टेडियम में होने वाला ये मुकाबला PBKS के लिए ‘करो या मरो’ वाला है, जिसमें जीतकर ही श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली ये टीम प्लेऑफ में जाने की उम्मीदों को जिंदा रख पाएगी. LSG प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है, लेकिन अब बेखौफ क्रिकेट खेल रही है और अपने आखिरी मैच को जीतने के लिए पूरी जान लगा देगी. जानिए इकाना में आज की पिच किसे मदद करेगी, आज लखनऊ में मौसम कैसा रहेगा.
लखनऊ सुपर जायंट्स अंक तालिका में सबसे नीचे पायदान पर है, ऋषभ पंत एंड टीम का ये सीजन अच्छा नहीं रहा है लेकिन पिछले कुछ मैचों में टीम बेखौफ क्रिकेट खेलती नजर आ रही है और आज पंजाब किंग्स का खेल बिगाड़ सकती है. पंजाब शुरूआती 7 मैचों में से एक भी नहीं हारी थी, लेकिन पिछले 6 मैचों में जीत के लिए तरस गई है. जिसे माना जा रहा था कि वह टॉप-2 में रह सकती है, उसे प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए भी दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना है. हालांकि उससे पहले PBKS को आज अपना मैच जीतना है, नहीं तो टीम बाहर हो जाएगी.
पंजाब किंग्स का प्लेऑफ समीकरण
PBKS को चाहिए कि आज लखनऊ सुपर जायंट्स को हराए, इससे पंजाब के 15 अंक हो जाएंगे. फिर चाहिए होगा कि राजस्थान रॉयल्स अपने आखिरी मैच में हार जाए, जिनका मैच रविवार को MI के साथ है. फिर चाहिए होगा कि रविवार को शाम में होने वाले मैच में KKR भी हार जाए, अगर ऐसा हुआ तो पंजाब प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम होगी. अगर KKR जीत भी जाती है तो उनके भी 15 अंक होंगे, फिर नेट रन रेट तय करेगा कि आगे कौन जाएगा. अगर राजस्थान जीती तो वही चौथी टीम बन जाएगी.
यह भी पढ़ें- IPL 2026 का बेस्ट कप्तान कौन? पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने बताया और गिनाए कारण
LSG vs PBKS मैच में कैसा रहेगा मौसम
लखनऊ में आज मौसम मैच के अनुकूल रहेगा, बारिश की कोई संभावना नहीं है. मैच शाम को 7:30 बजे से शुरू होगा, इस दौरान तापमान 41-42 डिग्री सेल्सियस रहेगा. मौसम शुरूआती 1 घंटे तक गर्म रहेगा, 8:30 बजे के बाद तापमान 35-36 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा.
LSG vs PBKS मैच की पिच रिपोर्ट
लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम पंजाब किंग्स मैच इकाना स्टेडियम की पिच नंबर-5 पर खेला जाएगा, जो मिक्स्ड सोइल पिच है. ये बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए बराबर मददगार रहती है. इस वेन्यू पर IPL 2026 में खेले गए 6 मैचों में से 3 मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती है, एक मैच का नतीजा सुपर ओवर में निकला था. लखनऊ में बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं रहता, जो आज भी नजर आने वाला है. ऐसे में गेंदबाजों का रोल महत्वपूर्ण हो जाएगा.
यह भी पढ़ें- क्वालीफायर-1 की दोनों टीमों पर लगी मुहर, जानिए कब-कहां होगा प्लेऑफ का पहला मैच
इकाना स्टेडियम पर IPL रिकॉर्ड
लखनऊ के इस स्टेडियम में IPL के कुल 28 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 12 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम और 15 बार चेज करने वाली टीम जीती है. इस वेन्यू पर सबसे बड़ा स्कोर 235 का है, जो KKR ने 2024 में बनाया था. सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी 118 की है, जो ऋषभ पंत ने पिछले साल RCB के खिलाफ खेली थी. यहाँ पहली पारी में एवरेज स्कोर 174 रन है, सबसे सफल रन चेज 177 का है जो पंजाब किंग्स ने पिछले साल चेज किया था.
LSG vs PBKS मैच की लाइव प्रसारण डिटेल्स
लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम पंजाब किंग्स मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर होगा. मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर होगी.


