Iran War Impact on India: पश्चिमी एशिया में बढ़ते तनाव ने वैश्विक माहौल को बेचैन कर दिया है और इसका असर अब सीधे भारत तक महसूस किया जा रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयानों ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार और ऊर्जा बाजारों में नई चिंता पैदा कर दी है. विशेषज्ञ मान रहे हैं कि अगर हालात बिगड़े तो आम आदमी की जेब पर इसका सीधा असर पड़ेगा.
ट्रंप की चेतावनी से बढ़ी वैश्विक बेचैनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार सख्त बयान दे रहे हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनिश्चितता का माहौल गहरा गया है. ताजा बयान में उन्होंने संकेत दिया है कि अमेरिका हॉर्मुज जलडमरूमध्य का रास्ता बंद कर सकता है. यह वही रास्ता है जहां से दुनिया के बड़े हिस्से का तेल गुजरता है. इस चेतावनी के बाद वैश्विक बाजारों में हलचल तेज हो गई है.
भारत के व्यापारिक संगठनों ने जताई गहरी चिंता
ट्रंप के इस बयान के बाद भारत के प्रमुख व्यापारिक संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने भी चिंता जताई है. एबीपी लाइव की टीम से बात करते हुए संगठन के चेयरमैन बृजेश गोयल ने साफ कहा है कि अगर हॉर्मुज का रास्ता बंद होता है तो यह 1970 के दशक के बाद का सबसे बड़ा ऊर्जा संकट बन सकता है. उनका कहना है कि दुनिया का करीब 20 प्रतिशत तेल इसी रास्ते से गुजरता है, ऐसे में आपूर्ति बाधित होने पर कीमतों में तेज उछाल तय है.
तेल संकट से भारत, चीन और रूस पर सबसे ज्यादा असर
बृजेश गोयल के मुताबिक हॉर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया का सबसे बड़ा एनर्जी चोकपॉइंट है. अगर यह बंद होता है तो भारत, चीन और रूस जैसे बड़े आयातक देशों में कच्चे तेल की भारी किल्लत हो सकती है. पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ने से ट्रांसपोर्ट और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर पर सीधा असर पड़ेगा, जिसका नतीजा रोजमर्रा की चीजों की कीमतों में बढ़ोतरी के रूप में सामने आएगा.
पहले से महंगाई का दबाव, हालात और बिगड़ने के संकेत
सीटीआई के महासचिव रमेश आहूजा और गुरमीत अरोड़ा ने बताया कि भारत में मार्च के दौरान खुदरा महंगाई दर 3.4 प्रतिशत दर्ज की गई है. पान और तंबाकू के दाम 4.23 प्रतिशत बढ़े हैं, जबकि फूड और बेवरेजेज में 3.71 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. कपड़ों और फुटवियर में 2.45 प्रतिशत, हाउसिंग, पानी, बिजली और गैस में 1.97 प्रतिशत और रेस्टोरेंट सेवाओं में 2.88 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है.
हॉर्मुज बंद हुआ तो 4 प्रतिशत के पार जा सकती है महंगाई
बृजेश गोयल का मानना है कि अगर हॉर्मुज जलडमरूमध्य बंद होता है तो भारत में महंगाई दर तेजी से बढ़ सकती है. मार्च में जहां यह 3.4 प्रतिशत रही, वहीं ऐसे संकट की स्थिति में यह 4 प्रतिशत के पार जा सकती है. ऐसे में आने वाले समय में आम लोगों को महंगाई के नए दौर के लिए तैयार रहना पड़ सकता है.
![Tim Cook explores rare iPod, iPhone prototypes in new interview [Video]](https://samachar365din.com/wp-content/uploads/2026/04/Screenshot-2026-04-01-at-2.41.41-PM-150x150.png)

